Ranchi : झारखंड पार्टी के केंद्रीय कार्यालय हरमू में शनिवार को महिला नेत्री सदस्यता समारोह सह मिलन समारोह का आयोजन किया गया. समारोह में कार्यकारी अध्यक्ष अजीत कुमार, प्रधान महासचिव अशोक भगत, वरिष्ठ नेत्री वायलेट कच्छप, खूंटी, लोहरदगा, गुमला जिले के सैकड़ों महिला कार्यकर्ताओं ने भाग लिया. कार्यक्रम में महिलाओं के राजनीतिक परिवेश, सामाजिक मुद्दे, घरेलू समस्या से संबंधित विचारों पर खुल कर चर्चा हुई. चर्चा के दौरान महिला कार्यकर्ताओं ने अपनी परेशानी पार्टी नेतृत्व के सामने रखी. झारखंड पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष अजीत कुमार ने कहा कि आज हर पार्टी में महिलाओं के साथ भेदभाव का भाव है. कार्यकर्ता हो या नेता, उन्हें न तो सही मंच मिलता है और न ही उन्हें खुलकर जीने की आजादी है. ऐसे में झारखंड पार्टी अपनी पार्टी में 50 प्रतिशत महिलाओं को जगह देने का संकल्प लिया है. महिलाओं को आजीविका के साधन के साथ -साथ राजनीति में भी मुखर होकर बोलने की स्वतंत्रता होगी. झारखंड पार्टी की सोच बड़ी है. इसी सोच को लेकर झारखंड पार्टी एक बार फिर से राज्य में एक नया कीर्तिमान स्थापित करने की दिशा में तत्पर है.
इसे भी पढ़ें : विधानसभा भूमि अधिग्रहण आंदोलन मामला: बंधु तिर्की समेत 6 आरोपियों को MP-MLA कोर्ट ने किया बरी
निकाय चुनाव मे झारखंड पार्टी उतारेगी प्रत्याशी
वहीं प्रधान महासचिव अशोक भगत ने कहा कि झारखंड पार्टी आने वाले निकाय चुनाव में अपने प्रत्याशी को मैदान में उतारेगी. इसके लिए पार्टी कृतसंकल्प है. उन्होंने कहा कि झारखंड पार्टी महिलाओं को सुदृढ करना चाहती है. भगत ने कहा कि बाल-बच्चे को शिक्षित करना है तो महिलाओं को राजनीति में आना होगा. राज्य की खुशहाली राजनीतिक परिदृश्य में बदलाव से ही संभव हो सकता है.
कुबेर सिंह बने केंद्रीय समिति प्रवक्ता
झापा के केंद्रीय कार्यालय में कार्यकारी अध्यक्ष की उपस्थिति में कुबेर सिंह को केंद्रीय समिति का प्रवक्ता, अंशु लकड़ा को केंद्रीय कार्यकारिणी समिति सदस्य तथा रांची जिला का महिला अध्यक्ष मनोनीत किया गया. वायलेट कच्छप को केंद्रीय सचिव सह प्रभारी महिला मोर्चा मनोनीत किया गया है. सशीन उराँव, मैना उरांव(लोहरदगा) को केंद्रीय समिति सदस्य मनोनीत किया गया है. नसीम मिरदाहा को लोहरदगा अल्पसंख्यक मोर्चा बनाया गया है.
इसे भी पढ़ें : चाईबासा : हेमंत सरकार के कार्यकाल में चारों तरफ भ्रष्टाचार का बोलबाला – पुत्कर हेम्ब्रम
ये रहे मौजूद
समारोह में उमेश कुमार पाण्डेय, राजकुमार कच्छप, जिला अध्यक्ष रांची पवन तिग्गा, जिला अध्यक्ष लोहरदगा संजय राम, ब्रजकुमार राम, प्रेम सहाय, पुष्पा लिंडा, कीर्ति सिंह, जहाना परवीन, रेशमा रानी, सुधा भगत समेत कई नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे.