Chandil (Dilip Kumar) : जागो झारखंड अभियान के तहत साइकिल से भारत भ्रमण पर निकले विकास कुमार महतो का चांडिल पहुंचने पर गुरुवार को भव्य स्वागत किया गया. झारखंड की भाषा व संस्कृति के संरक्षण और विकास को लेकर धनबाद के विकास कुमार महतो साइकिल से भारत भ्रमण पर निकले हैं. इस दौरान वे लोगों से मिलकर अपनी प्राचीन संस्कृति से अवगत कराने के साथ इसे जीवित रखने के लिए जागरूक और प्रोत्साहित कर रहे हैं. इस मिशन को उन्होंने जागो झारखंड का नाम दिया है. चांडिल गोलचक्कर पहुंचने पर समाजसेवी युधिष्ठिर महतो के नेतृत्व में प्रशांत महतो, देवाशीष महतो, सीताराम महतो, मनीष महतो, रंजीत महतो, पूर्णशशि महतो, पेड़े महतो आदि युवाओं ने गर्मजोशी के साथ उनका स्वागत किया. भारत प्रसिद्ध “साइकिल मास्टर” विकास का लोगों ने फूलमाला पहनाकर और मीठा खिलाकर अभिनंदन किया.

इसे भी पढ़ें : श्रद्धा हत्याकांड : आरोपी आफताब पूनावाला की नार्को जांच की गयी
साइकिल से 13 हजार किमी नापकर पहुंचे झारखंड
झारखंड की भाषा संस्कृति का संरक्षण और विकास के लिए धनबाद के बरवाड्डा निवासी विकास कुमार महतो देश के विभिन्न राज्यों का भ्रमण कर झारखंड पहुंचे हैं. उन्होंने अबतक देश में 13 हजार सात सौ नौ किलोमीटर की दूरी साइकिल से पूरी की है. सड़क मार्ग से भारत भ्रमण पर निकले विकास अब झारखंड के निवासियों को जगा रहे है. अभियान का मूल उद्देश्य अपनी परंपरागत भाषा संस्कृति को देश-दुनिया में नई पहचान दिलाने के साथ ही इसे संरक्षित व विकसित करना है.
इसे भी पढ़ें : राहत : नक्सली मुठभेड़ में घायल चारों जवान खतरे से बाहर
जगह-जगह हुआ स्वागत
विकास कुमार महतो ने कहा कि झारखंडवासी 17 सौ ईश्वी से अपनी भाषा, संस्कृति और प्राचीन समृद्ध इतिहास को सुरक्षित करने के लिए आंदोलन कर रहे हैं. हम अपने अभियान में आज तक सफल नहीं हुए हैं. झारखंड देश का 44 प्रतिशत जीडीपी संभालता है फिर भी झारखंडी गरीब क्यों है? चांडिल से रवाना होने के बाद विकास ने कटिया स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया. इस दौरान जगह-जगह उनका स्वागत किया गया और शुभकामनाएं दी गई.


