New Delhi/Ranchi: दिल्ली के प्रगति मैदान में लगे ट्रेड फेयर में गुरुवार को झारखंड दिवस समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए. उन्होंने देशवासियों को झारखंड आने के लिए आमंत्रित किया. कहा कि झारखंड खूबसूरत प्रदेश है. यहां आकर देखिये कि यह कितना आगे बढ़ने की क्षमता रखता है. सीएम ने कहा यह झारखंड के लिए गौरव की बात है कि आज वहां के आदिवासी और मूलवासी शैक्षणिक, सामाजिक और राजनीतिक तौर पर अपनी अलग पहचान बनाने में लगे हैं. झारखंड के जिस परिवार को दो वक्त का भोजन सही से नहीं मिल पाता था, उस परिवार के बच्चे खेलों में देश का प्रतिनिधित्व करते हैं. आज उन सभी हुनरमंद बच्चों को वर्तमान सरकार तराशने में लगी है.
इसे पढ़ें- गढ़वा: पीएम आवास के लाभुकों ने बीडीओ को दिया आवेदन, कोऑर्डिनेटर को हटाने की मांग
कलाकारों का हौसला बढ़ाया
इंटरनेशनल ट्रेड फेयर में आयोजित झारखंड दिवस समारोह में पाईका, पंच-परगनिया, मुंडारी, मानभूम छऊ, नागपुरी नृत्य के माध्यम से झारखंड के कलाकारों ने सबका मन मोहा. कलाकारों ने एक से बढ़कर एक सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दिया. मुख्यमंत्री भी उनके बीच पहुंच गये और उनका हौसला बढ़ाया.
इसे भी पढ़ें- झारखंड में राष्ट्रपति शासन लगाने की जरूरत नहीं, शीघ्र विदा लेगी हेमंत सरकार : अन्नपूर्णा देवी
झारखंड के स्टॉल का किया अवलोकन
झारखंड दिवस समारोह में शामिल होने से पहले सीएम ने ट्रेड फेयर में झारखंड पवेलियन का भ्रमण किया. उन्होंने मेले में पलाश, झारक्राफ्ट, खादी, कृषि, पशुपालन विभाग के जैविक कृषि स्टाल, वन विभाग के स्टाल, ऊर्जा विभाग के जरेडा स्टाल, लघु एवं कुटीर उद्यम विकास बोर्ड के स्टाल में विशेष रूचि दिखाई. सीएम के साथ झारखंड के श्रम मंत्री सत्यानंद भोक्ता, विधायक दिनेश विलियम मरांडी, मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, उद्योग सचिव वंदना दाडेल, मुख्यमंत्री के सचिव विनय कुमार चौबे समेत कई लोग मौजूद थे.