Dhanbad : धनबाद (Dhanbad) अपनों से मत लड़ो, बल्कि अपने हक व अधिकार के लिए उन लोगों से लड़ो जो तुम्हारे अधिकारों पर कब्ज़ा किए बैठे हैं. इसी उक्ति के साथ वामपंथी संगठनों ने मंगलवार 15 नवंबर को महान क्रांतिकारी, स्वतंत्रता आंदोलन के महानायक बिरसा मुंडा की जयंती मनाई. भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी), सीआईटीयू तथा मजदूर कर्मचारी समन्वय समिति द्वारा संयुक्त रुप से हीरापुर तेली पाड़ा स्थित बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया. नेताओं ने कहा कि बिरसा मुंडा अन्याय के खिलाफ लड़ाई के प्रतीक हैं. उन्होंने अंग्रेजी शासन के खिलाफ लड़ने के साथ महाजनी और साम्प्रदायिकता के खिलाफ भी लड़ाई लड़ी. उन्होंने ही जल-जंगल,जमीन, शिक्षा-रोजगार और आर्थिक आजादी के लिए संघर्ष तेज करने का बेहतरीन हथियार दिया.
साधारण इंसान नहीं थे भगवान बिरसा : आरएन चौधरी
Dhanbad : अनुसूचित जाति-जनजाति कर्मचारी संघ धनबाद शाखा की ओर से भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं झारखंड स्थापना दिवस समारोह संघ के अध्यक्ष डॉ आरएन चौधरी की अध्यक्षता में मनाया गया. बिरसा मुंडा की तस्वीर पर माल्यार्पण किया गया. श्री चौधरी ने कहा कि भगवान बिरसा साधारण इंसान नहीं थे. वह आदिवासी-दलितों के उत्थान के लिए जीवन भर संघर्ष करते रहे. राजीव रंजन ने कहा कि उनकी जीवनी को प्रारंभिक विद्यालय से लेकर उच्च कक्षाओं में लागू करने की आवश्यकता है. मिथिलेश, ललन, सहित अन्य सदस्यों ने भी संबोधित किया. संचालन सचिव डॉ मुकुन्द रविदास व धन्यवाद ज्ञापन महादेव चौधरी ने किया. इस अवसर पर भगवान चौधरी, महादेव चौधरी, यदु दास, रणधीर कुमार, मनु चौधरी, बिनोद महतो, जितेंद्र, दिलीप राम, राजीव रंजन बौद्ध आदि मौजूद थे.