Kharsawan : वृहद झारखंड जनाधिकार मंच खरसावां प्रखंड कमिटी की बैठक पथ निरीक्षण भवन खरसावां में हुई. बैठक की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष राजू मुंडा और संचालन भारत उरांव ने किया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मंच के केन्द्रीय अध्यक्ष बिरसा सोय उपस्थित थे. सोय ने कहा कि वृहद झारखंड के वीर शहीदों के सपनों को साकार करना ही मंच का संकल्प है. 100 वर्षों की लंबी लड़ाई के बाद सिर्फ 24 जिलों को लेकर झारखंड अलग राज्य बनाया गया. इससे झारखंडियों का भला होने वाला नहीं है.
इसे भी पढ़ें : हजारीबाग : आवागमन से परेशान होकर ग्रामीणों ने उठाया कुदाल, श्रमदान से सात किमी सड़क बनाने में जुटे
वीर शहीदों का सपना वृहद झारखंड अलग राज्य बनाने का रहा है, जो आज भी अधूरा है. वीर शहीदों के सपनों के मुताबिक आज भी झारखंडियों का विकास सिर्फ 10% ही हुआ है. आज झारखंडी जनता विकास के नाम पर सिर्फ आश्वासन की जिंदगी जीने को विवश है. सच्चाई और ईमानदारी के साथ अगर हम विकास का लेखा-जोखा करेंगे तो झारखंड अलग राज्य बनने के बाद 22 वर्षों में सिर्फ विधायक और सांसदों का ही विकास हुआ है. आम जनता तो आज भी अपने हक और अधिकार की लड़ाई लड़ रही है. यही वजह है कि आज भी झारखंडी जनता रोजगार के तलाश में अन्य राज्यों में पलायन कर रहे हैं.
इसे भी पढ़ें : धनबाद : हर्ल के ग्रीन कोरिडोर में लगी आग, कोई नुकसान नहीं
केन्द्रीय वरीय उपाध्यक्ष लारेंस जोजो ने कहा कि कोल्हान प्रमंडल में खनिज संपदा का भंडार होने के बाद भी झारखंडी गरीबी की जिंदगी जीने को मजबूर हैं. सरायकेला खरसावां जिला युवा मंच के जिला अध्यक्ष बिरसा बंकिरा ने कहा कि खरसावां विधानसभा क्षेत्र का विकास भी मुंगेरी लाल के सपनों की तरह ही है. इस विधनसभा क्षेत्र की आम जनता को झूठा आश्वासन देकर उनका बहुमूल्य वोट हमेशा से ठगा गया है. मौके पर वरिष्ठ कार्यकर्ता भारत उरांव, मनोहरपुर प्रखंड अध्यक्ष दुर्गा रजक, प्रखंड अध्यक्ष राजू मुंडा, राजेश तियू, सोमरा उरांव, सुमन हेंब्रम, सहदेव रविदास, मनोरंजन महतो आदि उपस्थित थे.