Ranchi News : धनतेरस, दीपावली पर्व की शुरुआत का पहला और सबसे खास दिन होता है, जिसे धन त्रयोदशी के नाम से भी जाना जाता है. यह दिन विशेष रूप से समृद्धि, आरोग्य और सौभाग्य का प्रतीक माना जाता है. इस दिन भगवान धन्वंतरि, धन के देवता कुबेर और मां लक्ष्मी की पूजा का विशेष महत्व है.
द्रिक पंचांग के अनुसार कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि 6 नवंबर को सुबह 10:30 बजे शुरू होगी और 7 नवंबर 2026 को सुबह 10:47 बजे समाप्त होगी. इस साल धनतेरस का पर्व 6 नवंबर 2026, शुक्रवार को मनाया जाएगा.
धनतेरस पर खरीदारी से 13 गुना फलदायी होता है
धनतेरस के दिन सोना, चांदी, बर्तन या अन्य वस्तुओं की खरीदारी का भी विशेष महत्व है. मान्यता है कि इस दिन की गई खरीदारी 13 गुना अधिक फलदायी होती है और इससे घर में धन, सुख और समृद्धि आती है.
खरीदारी के लिए शुभ मुहूर्त
धनतेरस पर पूरे दिन शुभ और चौघड़िया मुहूर्त और विशेष योग बन रहे हैं, जिनमें आप सोना, चांदी, बर्तन या अन्य कीमती वस्तुएं खरीद सकते हैं. धनतेरस पर पहला मुहूर्त सुबह 8:16 बजे से सुबह 9:48 बजे तक रहेगा.
खरीदारी के लिए चौघड़िया मुहूर्त
प्रदोष काल /खरीदारी व पूजा मुहूर्त: शाम 5:49 बजे से रात 8:23 बजे तक (इस दौरान सोना, चांदी, बर्तन और लक्ष्मी-कुबेर की पूजा सबसे श्रेष्ठ मानी जाती है)
वृषभ लग्न मुहूर्त (स्थिर लग्न) : शाम 6:19 बजे से रात 8:17 बजे तक (स्थिर लग्न में की गई खरीदारी स्थायी समृद्धि दायक होती है)
सुबह का शुभ चौघड़िया मुहूर्त : सुबह 8:16 बजे से सुबह 9:48 बजे तक.
अभिजीत मुहूर्त : सुबह 11:48 बजे से दोपहर 12:56 बजे तक
धनतेरस पूजा का शुभ समय
धनतेरस पूजा मुहूर्त: शाम 06:02 बजे से शाम 07:57 बजे तक
प्रदोष काल: शाम 05:33 बजे से रात 08:09 बजे तक
यमराज के लिए दीपदान
प्रदोष काल के बाद मुख्य द्वार के बाहर दक्षिण दिशा की ओर मुख करके एक तेल का दीपक जलाएं. इसे यम दीप कहा जाता है. मान्यता है कि इससे परिवार को अकाल मृत्यु से सुरक्षा मिलती है.
धार्मिक महत्व और पौराणिक कथा
पौराणिक मान्यता के अनुसार, समुद्र मंथन के दौरान इसी दिन भगवान धन्वंतरि अमृत कलश लेकर प्रकट हुए थे, जिससे इस तिथि को धन त्रयोदशी कहा जाता है. इस दिन की गई शुभ खरीदारी और पूजा पूरे वर्ष सुख-समृद्धि और आरोग्य प्रदान करती है. साथ ही यमराज के लिए दीपदान करने से मृत्यु का भय दूर होता है और परिवार में शांति बनी रहती है.