Ranchi : 12वीं राष्ट्रीय सब जूनियर पुरुष हॉकी चैंपियनशिप में झारखंड की टीम ने गुरुवार को क्वार्टर फाइनल के संघर्षपूर्ण मैच में चंडीगढ़ को पेनाल्टी शूट आउट में 4-2 से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया. यह प्रतियोगिता चार से 15 मई तक गोवा में आयोजित हो रही है. पेनाल्टी शूट आउट में झारखंड के गोलकीपर राकेश बड़ा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और दो शॉट रोककर झारखंड की टीम को सेमीफाइनल में पहुंचा दिया. मैदानी खेल में दोनों ही टीमें 3-3 गोल की बराबरी पर थी.
इसे भी पढ़ें-CA सुमन का कबूलनामा: पूजा सिंघल के हैं सारे पैसे, पल्स अस्पताल के लिए बिल्डर को दिये तीन करोड़ कैश !
पेनाल्टी शूटआउट में झारखंड के रोहित तिर्की,असीम एक्का, अमृत तिर्की और अभिषेक तिग्गा ने गोल किये. इससे पूर्व संघर्षपूर्ण मैदानी खेल में दोनों ही टीमें जमकर खेली और निर्धारित समय का खेल तीन-तीन गोल की बराबरी पर रहा. पर पेनाल्टी शूट आउट में झारखंड ने बाजी मार ली.
झारखंड टीम के सेमी फाइनल में पहुंचने पर हॉकी झारखंड के अध्यक्ष भोलानाथ सिंह,शशिकांत प्रसाद,विजय शंकर, रजनीस कुमार,मनोज कोनबेगी, माइकल लाल, सुरजीत झा,विजय सनातन, सहित हॉकी झारखंड के समस्त पदाधिकारियों ने बधाई दी है. यह जानकारी झारखंड हॉकी के उपाध्यक्ष मनोज कोनबेगी ने दी.