Ranchi/Simdega : सिमडेगा में अगले महीने 10 मार्च से 11वीं हॉकी इंडिया राष्ट्रीय सब जूनियर महिला हॉकी चैंपियनशिप 2021 का आयोजन हो रहा है. टूर्नामेंट 18 मार्च तक चलेगा. जिले के एस्ट्रो टर्फ हॉकी स्टेडियम में पहली बार इतने बड़े टूर्नामेंट का आयोजन हो रहा है. इसकी तैयारी बड़े जोरों-शोरों की जा रही है. हॉकी झारखंड और हॉकी सिमडेगा के साथ-साथ सिमडेगा के लोग और यहां के जनप्रतिनिधि, जिला प्रशासन इस आयोजन को लेकर काफी उत्साहित हैं.
इसे भी पढ़ें : बोकारो: डांस करने से मना करने पर पत्नी ने पति को रॉड से मारा, मौत, पत्नी गिरफ्तार
हॉकी चैंपियनशिप को यादगार बनाने की तैयारी
चैंपियनशिप को लेकर जिले का हर संबंधित विभाग तैयारी में तन्मयता से लगा है. सभी ध्यान रख रहे हैं कि इस भव्य आयोजन में कोई त्रुटि न रह जाए. इसी को लेकर सिमडेगा के विधायक भूषण बाड़ा रविवार को रांची में हॉकी झारखंड के कार्यालय पहुंचे. हॉकी झारखंड के कार्यालय में उन्होंने हॉकी झारखंड के अध्यक्ष भोलानाथ सिंह और वरिष्ठ उपाध्यक्ष शशिकांत से मुलाकात की. इस दौरान 11वीं हॉकी इंडिया राष्ट्रीय सब जूनियर महिला हॉकी चैंपियनशिप 2021 की तैयारी की समीक्षा की गई. साथ ही सिमडेगा सहित झारखंड में हॉकी विकास पर लेकर विशेष चर्चा की गई.
विधायक ने भोलानाथ सिंह से कहा कि राज्य की पहचान हॉकी से की जाती है. यहां के खिलाड़ी प्रतिभाशाली हैं. उन्हें बस सही ट्रेनिंग की जरूरत है. खासकर बच्चियां हॉकी में राष्ट्रीय स्तर पर नाम रोशन कर रही हैं. यह चैंपियनशिप उनके लिए खास होगा.
कांग्रेस जिला अध्यक्ष भी रहे मौजूद
इस अवसर पर विधायक के साथ सिमडेगा कांग्रेस जिला अध्यक्ष अनूप केशरी, विधायक प्रतिनिधि डीडी सिंह भी मौजूद रहे. विधायक पहली बार हॉकी झारखंड के कार्यालय पहुंचे थे. हॉकी झारखंड के अध्यक्ष भोलानाथ सिंह सिमडेगा के विधायक का शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया. इस मौके पर विधायक ने मोरहाबादी स्थित जयपाल सिंह मुंडा एस्ट्रो टर्फ हॉकी स्टेडियम का भी निरीक्षण किया.
इसे भी पढ़ें : रांचीः नवजात की मौत, परिजनों ने सेंटेविटा अस्पताल पर इलाज में लापरवाही का लगाया आरोप