Lagatar Desk : आज नवरात्रि का छठा दिन है. इस दिन मां दुर्गा के छठे स्वरूप, मां कात्यायनी की पूजा की जाती है. मां कात्यायनी सिंह पर सवार हैं और इनकी चार भुजाएं हैं. इनके हाथों में तलवार और कमल का फूल होता है. मान्यताओं के अनुसार, सच्चे मन से उनकी पूजा करने से रोग, शोक और भय से मुक्ति मिलती है.
मां के प्रिय भोग और शुभ रंग
मां कात्यायनी को भोग में प्रिय शहद है. मान्यता है कि इस दिन नारंगी या पीले रंग के कपड़े पहनकर, शहद या पीले फूल (गेंदा) अर्पित करने और शाम में पूजा करने से मनोकामनाएं पूरी होती हैं और विवाह में आ रही बाधाएं दूर होती हैं.
कथा
पौराणिक कथा के अनुसार, महर्षि कात्यायन की कठोर तपस्या से मां जगदंबा प्रसन्न हुई और उनके घर पुत्री रूप में जन्म लिया. इसी कारण उन्हें मां कात्यायनी कहा जाता है. माना जाता है कि उन्होंने महिषासुर का वध कर देवताओं को उसके आतंक से मुक्त कराया था, इसलिए उन्हें महिषासुर मर्दनी भी कहा जाता है.