दुष्कर्म मामले में मुख्यमंत्री का बयान दुर्भाग्यपूर्ण
Ranchi: मेयर आशा लकड़ा ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के बयान को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। उन्होंिने कहा कि मुख्यमंत्री ने यह बयान दिया है कि कोरोना के कारण राज्य में दुष्कर्म से संबंधित मामलों में वृद्धि हुई है। राज्य की महिलाओं के प्रति उनकी सोच अच्छी नहीं है। वे राज्य के मुखिया है। महिलाओं की सुरक्षा, मां-बेटी की इज्जत व सम्मान करना उनका नैतिक कर्तव्य है। वहशी दरिंदे खुलेआम मां-बहनों की इज्ज़त को तार-तार कर रहे हैं। फिर भी राज्य सरकार अपनी सुरक्षा व्यवस्था की खामियों को स्वीकार करने में शर्म महसूस कर रहा है। जिस राज्य में पुलिस पदाधिकारी महिलाओं को तमाचा मार रहे हैं, उनसे सुरक्षा की उम्मीद कैसे की जा सकती हैं। राज्य के डीजीपी भी यह बयान दे रहे हैं कि सुनसान स्थलों पर महिलाएं न जाएं। सुनसान स्थलों पर किसी महिला या युवती के साथ कोई अप्रिय घटना घटित होगी तो उसके लिए पुलिस जिम्मेदार नहीं होगा। उन्होंने कहा मैं डीजीपी सर से कहना चाहुंगी कि पुलिस की ड्यूटी सिर्फ भीड़-भाड़ वाले क्षेत्र तक ही सीमित नहीं है। सुनसान स्थलों पर भी पुलिस की ही निगरानी होती है। जिस राज्य में अपराधी बेखौफ होकर घूम रहे हों और राज्य के मुखिया चैन की नींद सो रहे हों, उनसे सुरक्षा की उम्मीद कैसे लगायी जा सकती है।