Ranchi : नई दिल्ली गरीब रथ स्पेशल ट्रेन से शुक्रवार को 23 लड़कियां रांची लायी गयीं. इन लड़कियों को झारखंड सरकार के सहयोग से राज्य महिला विकास समिति एवं बाल कल्याण संघ के प्रयास से वापस लाया गया. कोरोना महामारी और लॉकडाउन के दौरान सभी लड़कियां दिल्ली और आसपास से मुक्त कराकर रांची लायी गयी हैं.
इसे भी पढ़ें- लालू की बेटी रोहिणी ने नीतीश के हवाई सर्वे पर कसा तंज, बिहार में बहार है, हेलीकॉप्टर पर सरकार है
महामारी के कारण फंस गयीं लड़कियां
महामारी के कारण सभी लड़कियां दिल्ली से रांची आने का प्रयास कर रही थीं. लेकिन संसाधन के अभाव में उनके लिए यह काफी मुश्किल था. मामले की जानकारी मिलने पर इसमें राज्य सरकार ने तत्परता दिखायी. जल्द ही इस संबंध में एक टीम गठित कर इन लड़कियों को अपने घर लौटने की लिए प्रयास शुरू कर दिया. इसी का परिणाम है कि यह सभी झारखंड आयी है. इनके आने के दौरान ट्रेन में एस्कार्ट टीम की व्यवस्था की गई थी.
लड़कियों के साथ एकीकृत पुनर्वास संसाधन केंद्र नई दिल्ली और राज्य संसाधन केंद्र रांची के लोग भी सफर के दौरान साथ में थे. रांची स्टेशन में आरपीएफ और जीआरपी पुलिस की सुरक्षा में रांची आने पर इनका स्वागत किया गया. बाल कल्याण संघ के सचिव संजय कुमार मिश्रा और सीडब्ल्यूसी अध्यक्ष रूपा मिश्र ने स्वागत किया. लायी गयीं लड़कियों में बोकारो की एक, गुमला जिले के आठ, साहिबगंज की आठ, सिमडेगा की एक और पश्चिमी सिंहभूम के पांच बच्चे शामिल हैं.