Jamshedpur/Potka : पोटका विस क्षेत्र के आदिवासी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार जल्द ही दो एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय का तोहफा देने जा रही है. 24 सितंबर को एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय का शिलान्यास केंद्रीय जनजाति मामलों के मंत्री अर्जुन मुंडा करेंगे. अर्जुन मुंडा पोटका प्रखंड के पोड़ाडीह पंचायत के लखनडीह गांव में दोपहर 12.05 बजे और डुमरिया प्रखंड के कांटाशोला गांव में दोपहर तीन बजे एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय का शिलान्यास करेंगे. मालूम हो कि केंद्र सरकार के जनजाति मामलों के मंत्रालय की ओर से कोल्हान प्रमंडल के तीन जिलों में 19 एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय खोले जाएंगे. सरायकेला-खरसावां जिला में दो, पूर्वी सिंहभूम जिला में तीन और पश्चिमी सिंहभूम जिला में 14 एकलव्य आदर्श विद्यालय खोले जाएंगे. अनुसूचित जनजाति छात्रों के लिए प्राथमिक से लेकर 12वीं स्तर की शिक्षा प्रदान करने के लिए शुरू किया गया है. इसके पीछे उद्देश्य यह है कि उन्हें सर्वश्रेष्ठ तक पहुंचने में सक्षम बनाया जा सके.
इसे भी पढ़ें : कॉन्ट्रेक्ट पर बहाल एएनएम हड़ताल पर, जमशेदपुर प्रखंड क्षेत्र के 15 पंचायतों में आज टीकाकरण बंद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने इसे और बेहतर बनाने के लिए 2018-19 के केंद्रीय बजट में घोषणा की कि 50 प्रतिशत से अधिक एसटी आबादी और कम से कम 20,000 आदिवासी व्यक्तियों वाले प्रत्येक ब्लॉक में एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय होगा. नवोदय विद्यालय के तर्ज पर एकलव्य स्कूलों को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित किया जाएगा. इसके तहत राज्य में एक पहचाने गए व्यक्तिगत खेल और एक समूह के खेल के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं होंगी. खेल के लिए इन सीओई में भारतीय खेल प्राधिकरण के मानदंडों के अनुसार अत्याधुनिक प्रशिक्षण, विशेष प्रशिक्षण, बोर्डिंग और ठहरने की सुविधा, खेल किट, खेल उपकरण, प्रतियोगिता प्रदर्शन, बीमा, चिकित्सा व्यय आदि के साथ-साथ अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी.