Ranchi: आजादी के अमृत महोत्सव पर रांची में महानगर भाजपा की ओर से शहीद चौक से पुराना जेल कैंपस तक विशाल तिरंगा पदयात्रा निकाली गई. भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पदयात्रा के दौरान लोगों को अपने घरों में तिरंगा लगाने के लिए जागरूक किया. पुरानी जेल में मौजूद भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित करने के बाद राष्ट्रगान कर यात्रा का समापन किया गया. पदयात्रा में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, सांसद संजय सेठ, आदित्य साहू, विधायक सीपी सिंह, समरी लाल, राष्ट्रीय मंत्री आशा लकड़ा, प्रदीप वर्मा, बालमुकुंद सहाय समेत कई नेता मौजूद थे.
महापुरुषों की कुर्बानियों को हम कर रहे याद- दीपक प्रकाश
हाथों में तिरंगा लेकर जब भाजपा के नेता और कार्यकर्ता रांची की सड़कों पर निकले, तब नजारा ही बदल गया. यात्रा में भाजपा कार्यकर्ताओं के द्वारा तैयार किया गया सौ फीट का तिरंगा आकर्षण का केंद्र रहा. इस मौके पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कहा कि हम अपने महापुरुषों की कुर्बानियों को इस अमृत महोत्सव के जरिए याद कर रहे हैं. आजादी के सौ वर्ष में भारत कैसा होगा यह नई पीढ़ी संकल्प ले रही है.
सिर्फ औपचारिकता के लिए न मनाएं अमृत महोत्सव- अर्जुन मुंडा
बिरसा मुंडा संग्रहालय में तिरंगा यात्रा के समापन पर केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा भी शामिल हुए. उन्होंने लोगों को आजादी के अमृत महोत्सव पर बधाई देते हुए कहा कि हम इस आजादी को न केवल औपचारिकता के आधार पर मनाएं, बल्कि इस तरीके से मनाएं कि इसमें संकल्प हो, प्रतिबद्धता हो और भारत के भविष्य निर्माण करने जज्बा हो.
इसे भी पढ़ें – एफआईएजीईएस का दूसरा दिन : एक्सपर्ट ने लेप्रोस्कोपिक व एंडोस्कोपिक सर्जरी के विषय में दी जानकारी