आजसू ने की झारखंड में खतियान आधारित स्थानीय और नियोजन नीति लागू करने की मांग
पार्टी कार्यकर्ताओं ने शहादत दिवस पर शहीद निर्मल महतो को दी श्रद्धांजलि
Hazaribagh : आजसू पार्टी की ओर से मंगलवार को शहीद निर्मल महतो पार्क में आजसू के संस्थापक शहीद निर्मल महतो का शहादत दिवस मनाया गया. हजारीबाग जिला अध्यक्ष विकास राणा के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में आजसू पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शहीद निर्मल महतो की प्रतिमा पर फूलमाला चढ़ाकर श्रद्धांजलि अर्पित की और शहीद निर्मल महतो अमर रहे के नारे लगाए. निर्मल महतो शहादत दिवस के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आजसू पार्टी के जिलाध्यक्ष विकास राणा ने कहा कि निर्मल दा की सोच थी कि शोषणविहीन समता मूलक झारखंड राज्य का निर्माण हो, जहां सभी को सामान दृष्टिकोण से देखा जाए और जल, जंगल ज़मीन की रक्षा हो. शोषण, उत्पीड़न, अत्याचार और भ्रष्टाचार से मुक्त झारखंड निर्मल दा का सपना था. आजसू पार्टी प्रमुख सुदेश महतो निर्मल दा का सपना पूरा करेंगे.
इसे भी पढ़ें :चौपारण गोलीकांड में शामिल सरकार गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार
23 वर्षों के बाद भी झारखंडी जनता का शोषण : विकास राणा
विकास राणा ने कहा कि शहीद निर्मल महतो ने युवाओं को गोलबंद कर झारखंड आंदोलन को गति प्रदान करने का कार्य किया. आज झारखंड अलग राज्य गठन के 23 वर्षों के बाद भी झारखंडी जनता का शोषण हो रहा है. आज तक झारखंड में स्थानीय और नियोजन नीति नहीं बन सकी. झारखंड के युवा बेरोजगार घूम रहे हैं और झारखंड में पिछड़ी जाति आज अपने अधिकार से वंचित है. आजसू पार्टी ने सरकार से मांग की कि झारखंड में जातीय जनगणना हो ताकि आबादी के अनुसार पिछड़ी जाति को उनका हक और अधिकार मिल सके.
इसे भी पढ़ें :झारखंड हाईकोर्ट : उषा मार्टिन के जीएम राजीव झंवर की व्यक्तिगत पेशी से छूट की याचिका खारिज
मौके पर ये थे मौजूद
कार्यक्रम में मुख्य रूप से बरही विधानसभा प्रभारी राजसिंह चौहान, केंद्रीय समिति सदस्य विजय वर्मा, केंद्रीय समिति सदस्य आनंद सिंह, महिला मोर्चा की केंद्रीय सचिव संगीता बारला, महानगर अध्यक्ष आफ़ताब आलम, महिला जिला अध्यक्ष सुहानी एक्का, जिला कोषाध्यक्ष अजय कुमार, जिला सचिव विवेक कुमार राणा, कटकमदाग प्रखंड अध्यक्ष अवध किशोर साव, विनीत कुमार, मो कलाम सहित कई कार्यकर्ता शामिल थे.