- सर्द हवाओं ने झारखंड में बढ़ायी ठंड
- अगले चार दिनों तक राहत के आसार नहीं
- पलामू और आसपास में शीतलहर की स्थिति
- रांची का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस
Ranchi: बारिश होने के बाद राजधानी समेत पूरे झारखंड में ठंड फिर से बढ़ गई है. आसमान साफ होने के बाद बर्फीली हवाओं के कारण तापमान में तेजी से गिरावट आयी है. प्रदेश के पश्चिमोत्तर भागों में पलामू समेत आसपास में शीतलहर की स्थिति है. शनिवार को रांची और डालटनगंज का न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री दर्ज किया गया. जबकि रांची का अधिकतम तापमान 22.4 और डालटनगंज में 21.7 डिग्री रहा. राज्य में अगले चार दिनों तक कड़ाके की सर्दी पड़ने का पूर्वानुमान व्यक्त किया गया है. सर्द हवाओं के कारण राज्य के विभिन्न हिस्सों का तापमान सामान्य से नीचे आ गया है. राजधानी रांची में शनिवार को हवा की रफ्तार 15 से 20 किमी प्रति घंटे की रही. अहले सुबह में कुहासा होने से कनकनी का अहसास हुआ
इसे भी पढ़ें- सेवानिवृत्त हुए रिम्स के पूर्व निदेशक डॉ तुलसी महतो, विदाई समारोह में हुए भावुक
25 डिग्री से नीचे रहा तापमान
सर्द हवा की रफ्तार के कारण दिन का अधिकतम तापमान भी प्रभावित हुआ है. अधिकांश जिलों का तापमान 25.0 डिग्री से नीचे है. मौसम विभाग के अनुसार ठंड बढ़ने से रांची और अन्य जिलों में तापमान औसत से नीचे आ गया है. कुहासा का असर भी अभी कायम रहेगा. इससे सुबह की कनकनी कायम रहेगी. रांची में यह 5.0 डिग्री, जमशेदपुर में 9.4 डिग्री, डालटनगंज में 9.1 डिग्री, चाईबासा में 9.2 डिग्री नीचे है. विभाग के मुताबिक सर्द हवाओं का प्रकोप जारी रह सकता है. अगले 24 घंटे के दौरान जमशेदपुर के न्यूनतम तापमान में और कमी आ सकती है.
मौसम वैज्ञानिक ने क्या कहा
मौसम विभाग के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहे. जबकि रांची, जमशेदपुर, गुमला, सिमडेगा समेत दक्षिणी भागों में हल्की बारिश हुई. बारिश होने और वातावरण में नमी बढ़ने से मौसम बदलाव हुआ है. ऐसी स्थिति में सर्द हवाओं के आने से शीतलहर के आसार बन रहे हैं. उन्होंने बताया कि अगले चार दिनों के दौरान राज्य में तापमान 7.0 डिग्री से 25.0 डिग्री के बीच रहने की संभावना है.
इसे भी देखें-