Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सह राज्य के वित्त तथा खाद्य आपूर्ति मंत्री डॉ. रामेश्वर उरांव के नेतृत्व में देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू की जयंती की पूर्व संध्या पर राजधानी रांची में एक संगोष्ठी का आयोजन किया जाना था, लेकिन इस बीच उनकी कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आ गयी. इसके बावजूद उनके निर्देशानुसार नेहरू जयंती की पूर्व संध्या पर राजधानी रांची समेत राज्य के विभिन्न जिलों में संगोष्ठी आयोजित कर प्रथम प्रधानमंत्री के कार्यां और उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें नमन किया गया.
इधर, कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद रांची के मेडिका अस्पताल में भर्ती प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रामेश्वर उरांव ने पार्टी कार्यकर्त्ताओं से पं. नेहरू की जयंती पर उनके कार्यां को याद करने और दिखाये रास्ते पर चलने की अपील की है. डॉ. उरांव ने कहा कि कहा कि आजादी की लड़ाई में अग्रणी भूमिका निभाने के साथ भारत के नवनिर्माण लोकतंत्र को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू को आधुनिक भारत का निर्माता कहना कोई अतिशयोक्ति नहीं है. उन्होंने कहा कि दूसरे विश्व युद्ध के बाद खस्ताहाल वैश्विक परिस्थिति और भारत का निर्माण करना कोई आसान काम नहीं था. ऐसी परिस्थिति में देश की आजादी के बाद पंचवर्षीय योजना उनकी दूरदृष्टि का ही परिणाम था जिसके नतीजे सालों बाद मिल रहे हैं.
इसे भी पढ़ें- खुशनुमा मौसम में मनायी जायेगी दीपावली, अनुकूल रहेगा तापमान
डॉ. उरांव ने कहा कि देश के पहले प्रधानमंत्री होने के साथ ही पंडित नेहरू आधुनिक भारत के निर्माता भी कहे जाते हैं. देश की आजादी से लेकर आजाद भारत को समृद्ध बनाने तक में पंडित नेहरू का अहम योगदान रहा है. आजादी से पहले पंडित नेहरू ने स्वतंत्रता संग्राम में अहम भूमिका निभाई थी. आजादी की लड़ाई के चलते उन्हें 9 बार जेल जाना पड़ा था. वहीं, भारत के आजाद होने के बाद पंडित नेहरू ने शिक्षा, सामाजिक सुधार, आर्थिक क्षेत्र, राष्ट्रीय सुरक्षा और औद्योगीकरण सहित कई क्षेत्रों में किया.
इसे भी पढ़ें- किसी काम के नहीं कोविड, दिवाली और पूजा के लिए दिये गये सरकारी आदेश, सिर्फ कागजों की बढ़ रही है शोभा
मौके पर पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रामेश्वर उरांव पं. नेहरू की जयंती के मौके पर रांची के बिहार क्लब में आयोजित होने वाले संगोष्ठी में शामिल होने वाले थे, लेकिन इस बीच उनके कोरोना पॉजिटिव हो जाने के कारण वे अस्पताल में भर्ती हो गये, इसके बावजूद प्रदेश अध्यक्ष के निर्देशानुसार रांची समेत सभी जिलों में प्रथम प्रधानमंत्री की जयंती की पूर्व संध्या पर संगोष्ठी का आयोजन कर उन्हें याद किया गया.
इसे भी पढ़ें- डीजीपी से गुहार के बाद भी एचईसी के सैकड़ों आवास में जमे हुए है कब्जाधारी