Search

धनबाद: कापासारा में दूसरे दिन भी उत्पादन व ट्रांसपोर्टिंग ठप

Maithan :  ईसीएल मुगमा एरिया के कापासारा आउटसोर्सिंग में संचालक के बॉडीगार्ड द्वारा ठेका मजदूरों की पिटाई के बाद हंगामा मामले में दोनों पक्षों ने निरसा थाना में एफआईआर दर्ज कराई है. आउटसोर्सिंग में दूसरे दिन भी उत्पादन व ट्रांसपोर्टिंग सहित अन्य कामकाज ठप रहा. मजदूरों ने काम का बहिष्कार कर दिया है और आउटसोर्सिंग संचालक हरि शंकर पांडेय द्वारा मजदूरों पर किये गये केस वापस लेने की मांग की है. एफआईआर में संचालक ने तेरह ठेका मजदूरों सहित 70-80 अज्ञात पर जानलेवा हमला करने, सोने की चेन और ब्रासलेट छीनने का आरोप लगाया है. सुपरवाइजर उन्नत माजी, अरूण बाउरी, गार्ड सुपरवाइजर रंजीत दास, कोल सुपरवाइजर अजीत कुमार, इंचार्ज मुन्ना महतो, गार्ड गोपाल बाउरी, नारायण सिंह, उत्तम बाउरी, हेल्पर बिट्टू गोस्वामी, मधुसूदन बाउरी, धर्मेंद्र राय, मदन लोहार एवं भोला साहनी पर आरोप लगाया गया है. आउटसोर्सिंग प्रबंधन ने सभी को मामले की जांच होने तक काम से बैठा दिया है. इधर हेल्पर मधुसूदन बाउरी ने आउटसोर्सिंग संचालक हरि शंकर पांडेय, राहुल राय एवं हर्षित राय के अलावा तीन--चार निजी गार्ड के खिलाफ निरसा थाना में एफआईआर दर्ज कराई है. एफआईआर के अनुसार हेल्पर मधुसूदन बाउरी रात्रि पाली ड्यूटी से सुबह छह बजे घर लौट रहा था. परिसर में पानी टैंकर से हाथ धोने लगा. वहां गार्ड उत्तम बाउरी व हेल्पर वकील बाउरी भी मौजूद था. तभी संचालक हरिशंकर पांडेय का तीन--चार निजी गार्ड आया व जातिसूचक गाली गलौज की. कहा कि तुमलोग सही से काम नहीं करते हो. सिर्फ घूमते रहते हो. विरोध किया तो घसीटते हुए जबरन गाड़ी में बैठा लिया. आफिस ले जाकर मारपीट की. सह कर्मियों को जानकारी मिली तो सभी पहुंचे और मेरी जान बचायी. इसके बाद आउटसोर्सिंग संचालक राहुल राय, हर्षित राय एवं तीन चार निजी गार्ड के साथ गाड़ी से आये और मजदूरों के साथ मारपीट की. ग्रामीण एकता मंच के अध्यक्ष सह झामुमो नेत्री लखी देवी ने ठेका मजदूरों की लड़ाई में साथ देने की बात कही है. कहा कि मजदूरों पर झूठा मुकदमा वापस लेना होगा. केस वापस नहीं लिया गया तो आउटसोर्सिंग को चलने नहीं दिया जाएगा. [wpse_comments_template]

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp