Arun Kumar
Garhwa : एनएच 75 खजुरी से विंढ़मगंज फोरलेन सड़क निर्माण की मंजूरी मिल गयी है. इस सड़क निर्माण के लिये सांसद बीड़ी राम काफी सक्रिय थे. उनका प्रयास आखिरकार सफल हुआ. गढ़वा जिलान्तर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-75 खजुरी से विंढ़मगंज (उत्तर प्रदेश) के सिवाना तक फोरलेन सड़क की निविदा बीते चार फरवरी 2022 को ही प्रकाशित हो गयी थी. शुक्रवार को उसके निर्माण के लिये 1232.38 करोड़ रूपए की स्वीकृति प्रदान की गयी. इस सम्बंध में बताया गया कि राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-75 कुडू से विंढ़मगंज (उत्तर प्रदेश) के सिवाना तक भारतमाला प्रोजेक्ट का हिस्सा है. जिसे रांची से वाराणसी तक फोरलेन होना है.
इसे भी पढ़ें-धनबाद : नगर निगम के टैक्स काउंटर बंद, टैक्स बढ़ाने की तैयारी
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय राजमार्ग-75 कुडू से विंढ़मगंज 55 से 250 किलो मीटर को पांच खंडों में विभक्त कर डीपीआर का कार्य पूरा किया जा रहा है. परन्तु इसमें अप्रत्याशित विलम्ब हो रहा है तथा खंड-V राष्ट्रीय राजमार्ग सं0-75 खजुरी से विढ़मगंज (उत्तर प्रदेश) के सिवाना तक का निर्माण कार्य अविलंब प्रारम्भ करने का अनुरोध किया था.इस खंड में दो बाईपास की भी स्वीकृति प्रदान की गयी है. जिसमें रमना एवं श्री बंशीधर नगर शामिल हैं.
इसे भी पढ़ें-रांची शहर में धूल और धुएं को कम करेगी एंटी स्मोग गन मशीन
उक्त परियोजनाओं का निर्माण पलामू प्रमंडल के लोगों की चिर प्रतीक्षित मांग थी. पलामू प्रमंडल के लोगों को राजधानी रांची से जुड़ने के लिए बेहतर सड़क का सपना जल्द पूरा होगा. गढ़वा जिला के उत्तर प्रदेश के विंढमगंज से रांची तक एवं राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-98 का फोरलेन सड़क बन जाने से लोगों को आवागमन में काफी सुविधा होगी. उक्त परियोजनाओं के निर्माण के लिये सांसद श्री राम ने पलामू प्रमंडल की जनता की तरफ से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मंत्री सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी का आभार प्रकट किया है. यह जानकारी पलामू सांसद विष्णुदयाल राम के निजी सचिव अलख दुबे ने दी है.