हमें भारत के लिए अपने बलिदानों एवं प्रतिबद्धता पर गर्व है – अविनाश पांडे
Ranchi : कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का एक साल पूरा होने के अवसर पर पूरे देश में गुरुवार को पदयात्रा निकाली गई. रांची में यह यात्रा शहीद चौक से भगवान बिरसा मुंडा के समाधि स्थल कोकर तक निकाली गयी. इस पद यात्रा में कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय, पूर्व केंद्रीय मंत्री सह वरिष्ठ नेता सुबोध कांत सहाय, प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर सहित भारी संख्या में कांग्रेस के कार्यकर्ता शामिल हुए. बिरसा मुंडा समाधि स्थल पर कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं ने भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि अर्पित की. इसके उपरांत बिरसा समाधि स्थल के समक्ष ही सभा का आयोजन किया गया.
बेहतर कल की नींव बन गई है- अविनाश पांडे
सभा को संबोधित करते झारखंड कांग्रेस प्रभारी अविनाश पांडे ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा एकता और प्रेम की दिशा में उठाया गया कदम देश की बेहतर कल की नींव बन गई. यह नफरत मिटाने और भारत को एक होने तक जारी रहेगी. यह यात्रा आर्थिक असमानताओं, महंगाई, बेरोजगारी, सामाजिक न्याय, संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए की गई थी.
हम मोहब्बत से सामना करेंगे- राजेश ठाकुर
सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि राहुल गांधी ने जिस मकसद से कन्याकुमारी से लेकर कश्मीर तक भारत जोड़ो यात्रा निकाली थी, उसके लिए हम लगातार काम कर रहे हैं. भाजपा जितनी भी नफरत फैलाने की कोशिश करे, हम मोहब्बत से उसका सामना करेंगे.
मोदी सरकार में लोकतंत्र खतरे में – सुबोधकांत सहाय
सभा को संबोधित करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय ने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में लोकतंत्र खतरे में पड़ता जा रहा है. वर्तमान केंद्र सरकार देश के संविधान को तोड़ मरोड़ कर अपने हिसाब से इस्तेमाल कर उसे नष्ट करने की साजिश कर रही है. इसका मुंहतोड़ जवाब देने के लिए हम सभी कांग्रेसजनों को एक होने की आवश्यकता है.
कई मंत्री व विधायक भी शामिल हुए
सभा को संबोधित करने वालों में कृषि मंत्री बादल पत्रलेख, विधायक राजेश कच्छप, शिल्पी नेहा तिर्की, रांची महानगर अध्यक्ष कुमार राजा, राकेश किरण महतो, गुंजन सिंह, अभिजीत सिंह शामिल थे. इस अवसर पर प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष, शहजादा अनवर, उपाध्यक्ष प्रदीप तुलस्यान, अजय दूबे, महासचिव अमूल्य नीरज खलखो, राकेश सिन्हा, शिव कुमार भगत, जवाहर लाल महथा, अजय नाथ शाहदेव, सुरेन्द्र सिंह सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे.
इधर, डोरंडा चौक से भी निकाली गयी भारत जोड़ो यात्रा
भारत जोड़ो यात्रा के एक वर्ष पूरा होने डोरंडा चौक से भी पद यात्रा निकाली गई. वरिष्ठ नेता आलोक कुमार दूबे, लाल किशोर नाथ शाहदेव, फिरोज रिजवी मुन्ना एवं रंजीत महतो के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने विवेकानंद चौक डोरंडा में सभा की. सभा को संबोधित करते हुए आलोक कुमार दूबे ने कहा कि ऐतिहासिक भारत जोड़ो यात्रा के माध्यम से नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान खोलने जैसा साहसिक और सराहनीय कदम उठाने वाले राहुल गांधी के हाथों मजबूत इतिहास की नींव पर बुलंद भविष्य का निर्माण होगा. सभा को लाल किशोर नाथ ने भी संबोधित किया.
इसे भी पढ़ें – हाउसिंग कॉलोनियों में अवैध निर्माण और अतिक्रमण की जांच करेंगे बोर्ड अध्यक्ष