Ranchi : रांची सदर अस्पताल में पलामू के 85 वर्षीय मरीज आदित्यनाथ पाठक की जान डॉक्टरों ने जटिल सर्जरी कर बचा ली. मरीज की बड़ी आंत छोटी आंत में बुरी तरह फंस गई थी, जिससे बड़ी आंत चढ़ने लगी थी और मल मार्ग ब्लॉक हो गया था. मरीज को लगातार 10 दिन से दर्द था. जिसके बाद उन्होंने पलामू में स्थानीय डॉक्टर से दिखाया. वहां से उन्हें रांची रेफर कर दिया गया. रांची सदर अस्पताल में एनेस्थेटिक ने सर्जन डॉक्टर अजीत से दिखाने की सलाह दी. इसके बाद डॉक्टर ने सीटी स्कैन कराने की सलाह दी. रिपोर्ट में पाया गया कि बड़ी आंत छोटी आंत में बुरी तरह फंसी हुई है. इसके बाद डॉ अजीत ने प्रबंधन से सलाह लेने के बाद लेप्रोटोमी सर्जरी की. सर्जरी कर मरीज के बड़ी आंत को काट कर हटा दिया गया. पेट के तरफ से कोलोस्टॉमी(पखाना का रास्ता बनाना) की गयी है.
इसे भी पढ़ें –लोहरदगा पुलिस को सफलता: PLFI उग्रवादी के घर से पांच राइफल बरामद
सबसे जटिल सर्जरी में एक होता है लेप्रोटोमी
डॉ अजीत ने बताया कि लेप्रोटोमी सबसे जटिल सर्जरी में से एक है. उन्होंने बताया कि मरीज को 3 माह तक पेट के रास्ते से ही मल निकासी करनी होगी. उसके बाद फिर से दोबारा ऑपरेशन कर मल मार्ग को ठीक किया जाएगा. उन्होंने बताया कि ऑपरेशन में देर होने से मरीज की जान भी जा सकती थी. उन्होंने बताया कि यह ऑपरेशन करीब 3 घंटे तक चली. इसमें सदर अस्पताल के चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ और ओटी के कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभायी.