Ranchi: भारत सरकार के केन्द्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय ने ISAC अवार्ड 2020 की घोषणा कर दी है. केंद्र सरकार द्वारा स्मार्ट सिटी मिशन की छठी वर्षगांठ के मौके पर इस अवार्ड की घोषणा की गयी. इस बार स्मार्ट सिटी रांची को स्मार्ट सिटी लीडरशिप अवार्ड से नवाजा गया है. शुक्रवार को नई दिल्ली से ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम सें स्मार्ट सिटी मिशन की छठी वर्षगांठ के मौके पर भारत सरकार के केन्द्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री हरदीप सिंह पुरी और केन्द्रीय सचिव दुर्गाशंकर मिश्रा की मौजूदगी में ISAC अवार्ड 2020 की घोषणा की गयी. रांची स्मार्ट सिटी को यह अवार्ड इसकी बेहतर कार्य कुशलता, वित्तीय प्रबंधन एवं उपयोगिता के एवज में मिला है.
इसे भी पढ़ें – झारखंड को मिला एक लाख 83 हजार 810 डोज, कोविशिल्ड और कोवैक्सीन शामिल
सीएम ने भी की है स्मार्ट सिटी के कार्यों की प्रशंसा
गौरतलब है कि योजनाओं के क्रियान्वयन में वर्तमान में रांची देश के 100 शहरों में 11वें स्थान पर है. वहीं तो दूसरी तरफ राज्यों की श्रेणी में झारखंड प्रथम स्थान पर है. सीएम हेमंत सोरेन ने भी कई बार रांची स्मार्ट सिटी के कार्यों की प्रशंसा की है. इसके साथ ही उन्होंने रांची और झारखंड के लोगों को पूर्व में आश्वस्त भी किया है कि स्मार्ट सिटी रांची जन आकांक्षाओं के अनुरूप विकसित होगा और इसके विकास में जन भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी.
इसे भी पढ़ें – देवघर एम्स के OPD के उदघाटन कार्यक्रम को अचानक टालना अघोषित आपातकाल जैसा : JMM
सचिव विनय चौबे ने दी स्मार्ट सिटी टीम को बधाई
हर साल स्मार्ट सिटी की वर्षगांठ के मौके पर इस कार्यक्रम का आयोजन होता है, पर इस वर्ष कोरोना के प्रभाव को देखते हुए ऑनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. भारत सरकार की ओर से केन्द्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी, विभाग के केन्द्रीय सचिव दुर्गाशंकर मिश्रा, केन्द्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव सहित कई पदाधिकारी कार्यक्रम में मौजूद रहे. वहीं झारखंड सरकार की ओर से राज्य स्मार्ट सिटी कॉरपोरेशन के सीईओ अमित कुमार ऑनलाइन माध्यम से कार्यक्रम में शामिल हुए. स्मार्ट सिटी के जीएम राकेश कुमार नंदक्योलियार मौजूद रहे. नगर विकास एवं आवास विभाग झारखंड के सचिव विनय कुमार चौबे ने रांची स्मार्ट सिटी की पूरी टीम को बधाई और शुभकामनाएं दी है.