New Delhi : स्वीडन के स्वांते पाबो को फिजियोलॉजी या चिकित्सा क्षेत्र में नोबेल पुरस्कार से सम्मानित किया गया है. उन्हें विलुप्त होमिनिन और मानव विकास की आनुवांशिकी (जीनोम) से जुड़ी खोजों के लिए यह पुरस्कार दिया गया है. नोबेल समिति के सचिव थॉमस पर्लमैन ने कोरोलिंस्का संस्थान में विजेता की घोषणा की. कहा, कोरोलिंस्का इंस्टीट्यूट में नोबेल समिति ने विलुप्त होमिनिन और मानव विकास के जीनों से जुड़ी खोजों के लिए स्वांते पाबो को चिकित्सा क्षेत्र में 2022 का नोबेल पुरस्कार देने का फैसला किया गया है.
निएंडरथल जीनोम पर बड़े पैमाने पर काम किया
स्वांते पाबो ने अपने शोध में पाया कि विलुप्त होमोनिन जीन होमो सेपियन्स में ट्रांसफर हुए थे. पाबो पैलियोजेनेटिक्स के संस्थापकों में से एक रहे हैं, जिन्होंने निएंडरथल जीनोम पर बड़े पैमाने पर काम किया है. वह जर्मनी के लीपजिंग में मैक्स प्लैंक इंस्टीट्यूट फॉर इवोल्यूशनरी एंथ्रोपोलॉजी मेंजेनेटिक्स विभाग के निदेशक भी रहे हैं. बीते साल 2021 का चिकित्सा के नोबेल पुरस्कार से डेविड जूलियस और आर्डेन पैटामूटियम को सम्मानित किया गया था. इन दोनों शोधकर्ताओं को शरीर के तापमान, दबाव और दर्द देने वाले रिसेप्टरों की खोज करने के लिए यह पुरस्कार दिया गया था. दोनों नोबेल विजेता अमेरिकी हैं. डेविड जूलियन यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया में प्रोफेसर हैं. वहीं पैटापूटियन अर्मेनियाई मूल के अमेरिकी नागरिक हैं और ला जोला के स्क्रिप्स इंस्टीट्यूट में वैज्ञानिक हैं.
आज से ही हुई शुरुआत
चिकित्सा के क्षेत्र में नोबेल पुरस्कार के साथ ही नोबेल पुरस्कारों की घोषणा की शुरूआत हो गई है. मंगलवार को भौतिकी विज्ञान, बुधवार को रसायन विज्ञान और गुरुवार को साहित्य के क्षेत्र में इन पुरस्कारों की घोषणा की जाएगी. 2022 के नोबेल शांति पुरस्कार की घोषणा शुक्रवार और अर्थशास्त्र के क्षेत्र में पुरस्कार की घोषणा 10 अक्तूबर को की जाएगी.
विनर को मिलेगी 7 करोड़ प्राइज मनी
नोबेल पुरस्कार में एक करोड़ स्वीडिश क्रोनोर दिए जाते हैं. जिनकी कीमत करीब नौ लाख अमेरिकी डॉलर होती है. भारतीय रुपयों में बात करें तो यह प्राइज मनी करीब साढ़े सात करोड़ हो जाती है. यह पुरस्कार की नकद राशि विजेताओं को 10 दिसंबर को दी जाएगी.
किसने की थी नोबल की स्थापना
एक धनी स्वीडिश उद्योगपति और डाइनामाइट के आविष्कारक सर एल्फ्रेड नोबेल की वसीयत के आधार पर चिकित्सा, भौतिकी, रसायन शास्त्र, साहित्य और शांति क्षेत्र के नोबेल पुरस्कारों की स्थापना की गई थी. पहला नोबेल पुरस्कार वर्ष 1901 में सर एल्फ्रेड नोबेल के निधन के पांच साल बाद दिया गया था. वहीं अर्थशास्त्र का नोबेल स्वीडन के केंद्रीय बैंक ने 1968 में शुरू की थी.
इसे भी पढ़ें – बिहार : पटना में आंधी-पानी में ऑटो पर गिरा डाक बंगला पूजा समिति का गेट
[wpse_comments_template]