Ranchi : परिवहन के क्षेत्र में लगातार मूल्य वृद्धि अब आम लोगों की कमर तोड़ रही है. टोल टैक्स से लेकर डीजल-पेट्रोलियम उत्पादों की कीमत बढ़ती जा रही है. इससे कार-टैक्सी, बस और ट्रक परिवहन के किराये पर दबाव बढ़ता ही जा रहा है. टोल टैक्स रांची से रामगढ़ के बीच अब 3.75 रू प्रति किलोमीटर तक हो गया है. यदि फास्टैग नहीं है तो यह बढ़कर 7.86 रु हो जाती है. इंधनों के दाम और टैक्स में वृद्धि निजी वाहन, बस और मालवाहक वाहनों के किराये डेढ़ से दोगुने तक हो सकते हैं.
जून महींने में तेल की कीमतों में 13 बार इजाफा हुआ है
पेट्रोल पंप पर मिलनेवाले तेल की मात्रा दिनों दिन कम होती जा रही है. पेट्रोल की कीमत जहां एक माह पहले 72 रूपए के करीब थी. वहीं अब इसका दाम बढ़कर 93.69 रु प्रति लीटर हो गया है. पिछले साल इस अवधि में सौ रुपए 1.37 लीटर पेट्रोल के स्थान पर अभी मात्र 1.07 लीटर तेल मिल रहा है. केवल जून महींने में तेल की कीमतों में 13 बार इजाफा हुआ है और इस महींने में ही चार रुपये प्रतिलीटर दाम बढ़े हैं.
किराए में 20 से 25 फीसदी तक वृद्धि हो गई है
टोल टैक्स और तेल के दामों में वृद्धि से बस संचालकों से लेकर ट्रकों के मालिक तक परेशान हैं. इन पर भी टोल टैक्स वसूली का दबाव बढ़ा है. भाड़ा बढ़ने से अब हर चीज के दाम बढ़ेंगे. परिवहन व्यवसाय से जुड़े व्यवसायियों का कहना है कि अभी ऑफ सीजन है. इस सीजन में अक्सर परिवहन का खर्चा कम हो जाया करता है. मांग अधिक होने पर किराये में स्वभाविक रूप से वृद्धि हो जाती है. लेकिन अभी मांग नहीं होने के बाद भी किराए में 20 से 25 फीसदी तक वृद्धि हो गई है.
ट्रैवल एजेंट एसोसिएशन के अमरदीप सहाय ने बताया कि टैक्स और इंधन में वृद्धि होने से 12 से 15 फीसदी किराया पहले ही बढ़ चुका है. 150 किमी से अधिक की दूरी में सफर करने के लिए छोटी टैक्सी 13 रू और बड़ी टैक्सियों का 17 रू प्रति किमी किराया बढ़ गया है.
इसे भी पढ़ें –होगी बारिश या आसमान रहेगा साफ, जानें आपके शहर का मौसम
टैक्स में वृद्धि होने से यह इजाफा भी कम है
बस ऑनर एसोसिएशन के सदस्य कृष्ण मोहन सिंह ने बताया कि अभी तो बसें बंद हैं. टैक्स और इंधन मूल्य वृद्धि से कम से कम इसमें डेढ़ गुणा किराया वृद्धि होना लाजिमी है. टैक्स में वृद्धि होने से यह इजाफा भी कम है. उन्होंने बताया कि पहले रांची-पटना रुट पर दो जगह ही टैक्स देना होता था. अब रांची, पटना के साथ-साथ हजारीबाग और फतुहा के पास भी देना पड़ रहा है. चार जगहों पर केवल इस मद में ही करीब चार हजार रू देने पड़ रहे है. इस वृद्धि का भार भी यात्रियों को ही उठाना पड़ेगा.
मालवाहक वाहनों के किराए में 25 फीसदी तक वृद्धि हुई है
परिवहन व्यसायों से जुड़े व्यवसायी सुनील सिंह चौहान ने बताया कि रांची से सभी श्रेणियों के मालवाहक वाहनों के किराए में 25 फीसदी तक वृद्धि हुई है. ऑफ सीजन होने के बावजूद यह भाड़ा बढ़ा है. अभी मांग बेहद कम है. लेकिन ऑफ सीजन खत्म होते ही इसमें 35 से 40 फीसदी तक वृद्धि होने का अनुमान है.
इसे भी पढ़ें –सांसद निशिकांत को आने से रोका, तो केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने टाला एम्स देवघर का उद्घाटन कार्यक्रम
आसमान छूने लगा किराया
टैक्सी | पहले | अब | 150 किमी से अधिक |
छोटी टैक्सियां | 2,000 | 2300 | 13 रू प्रति किमी |
बड़ी टैक्सियां | 3500 | 3800 | 17 रु प्रति किमी |
मालभाड़ा
वाहन | पहले भाडा | अब किराया | रूट |
मालवाहक 407 | 4000 | 4,700 | रांची से टाटा |
मालवाहक 407 | 4,300 | 5,000 | रांची से धनबाद |
ट्रक छह चक्का | 8,000 | 10,000 | रांची से टाटा |
ट्रक छह चक्का | 13,000 | 16, 000 | रांची से पटना |
ट्रक 10 चक्का | 30,000 | 36,000 | रांची से लखनऊ |
बस किराए में संभावित वृद्धि
रूट | मौजूदा किराया | किराये वृद्धि के बाद |
रांची पटना | 400रू | 600 रू |
रांची | 500 रू | 750 रू |
रांची सीवान | 600 रू | 900 रू |
इसे भी पढ़ें –केतुगाधाम में अशोक कालीन बुद्ध की प्रतिमा तक जमीन चिह्नित, राज्यपाल के नाम होगा दान