Ranchi : भारत मौसम विज्ञान विभाग के 148वें स्थापना दिवस के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में “मौसम केंद्र, रांची को देश का सर्वश्रेष्ठ मौसम केंद्र” घोषित किया गया. मौसम केंद्र, रांची के कार्यालय प्रमुख, अभिषेक आनंद ने वृष्टि सभागार, मौसम भवन, लोदी रोड, नई दिल्ली में आयोजित समारोह में पुरस्कार ग्रहण किया. इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि की हैसियत से जितेंद्र सिंह केंद्रीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय उपस्थित थे.
गत वर्ष मौसम केंद्र, रांची द्वारा किए गए कुछ प्रमुख कार्य
- रांची स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत, रांची शहर में कई स्थानों पर 50 वी.एम.एस.बी. (वैरिएबल मैसेज साइन बोर्ड) स्थापित किए गए हैं. बता दें कि दैनिक आधार पर सूर्योदय, सूर्यास्त डेटा के साथ मौसम की जानकारी देते हैं, जो पूरे दिन वीएमएसबी में लगातार प्रदर्शित होते रहता है.
- CAP-SACHET (कॉमन अलर्टिंग प्रोटोकॉल) को सफलतापूर्वक कार्यान्वित किया गया. इसके लिए राज्य आपदा प्रबंधन के साथ समन्वय कर जनता को अलर्ट किया गया. कृषि क्षेत्र के लिए प्रभाव आधारित पूर्वानुमान तथा फसल संबंधित सलाह भी दी जाती है.
- रांची मौसम विज्ञान केंद्र आधारित पूर्वानुमान जारी करने के लिए जोखिम/भेद्यता डेटा के प्रावधान के लिए झारखंड अंतरिक्ष अनुप्रयोग केंद्र झारखंड राज्य सरकार के साथ समन्वय कर रहे हैं.
- मौसम संबंधी पहलुओं और प्रेक्षण विधियों पर प्रारंभिक ज्ञान प्राप्त करने के लिए स्कूलों और कॉलेजों के छात्रों को कार्यालय में आमंत्रित किया जाता है.
- इंजीनियरिंग कॉलेजों और अनुसंधान संस्थानों के साथ भी समझौता किया गया है और बीआईटी मेसरा, सीआईटी टाटीसिल्वे और बीएयू रांची का दौरा भी किया है.
- देवघर हवाई अड्डे का चालू होना : 12 जुलाई, 2022 को देवघर हवाई अड्डे के लिए मौसम सेवाएं पूरी तरह चालू हो गईं.
कार्यालय प्रमुख, अभिषेक आनंद ने इस गौरवमयी अवसर पर सभी कर्मियों को बधाई दी. और हितधारकों का ह्रदय से आभार व्यक्त किया. केंद्र के कर्मियों ने भी उत्साह के साथ आगे और बेहतर सेवा प्रदान करने का संकल्प लिया.
इसे भी पढ़ें : पलामू : बरामद नर कंकाल की हुई पहचान, पुलिस ने बेटे-दामाद को किया गिरफ्तार