Ranchi : राजधानी समेत झारखंड के कुछ भागों पर छाए बादल संडे यानि 21 फरवरी से छंटने लगेंगे. इससे मौसम में बदलाव होगा और दिन के तापमान में वृद्धि होगी. जबकि अगले दो दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री तक की गिरावट होने के आसार हैं. इसके बाद राजधानी समेत पूर झारखंड में तापमान बढ़ने की संभावना है. हालांकि दो दिनों पूरे राज्य में घने बादल छाए रहे और कहीं-कहीं बारिश भी हुई.
इसे भी पढ़ें : जामताड़ा: युवाओं ने किया थाने का घेराव, विसर्जन के दौरान पुलिस पर लगाया डंडा चलाने का आरोप
शनिवार को छाए रहे बादल
रांची के ऊपर शनिवार को भी हल्के बादल छाए रहे. इससे यहां का मौसम कुछ ठंडा रहा. रांची में जहां अधिकतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं जमशेदपुर और डालटेनगंज में आसमान आमतौर पर साफ रहा. इससे इन दोनों शहरों का अधिकतम तापमान 30 डिग्री से अधिक रहा. मौसम विभाग के अनुसार 24 फरवरी के बाद पलामू, संताल परगना और कोल्हान प्रमंडल में मौसम गर्म होगा. 24 फरवरी के बाद धूप में और तीखापन आ सकता है. डालटनगंज, जमशेदपुर, साहिबगंज, पाकुड़ में अधिकतम का पारा 34 से 35 डिग्री तक बढ़ने की संभावना है.
मौसम वैज्ञानिक का क्या कहना है
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान रांची, गुमला और आसपास में हुई बारिश के कारण मौसम ठंडा है. इससे रांची के अधिकतम तापमान में तीन से चार डिग्री गिरावट दर्ज की गई. झारखंड में अगले 24 घंटे में मौसम पूरी तरह साफ होगा. अगले दो दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में दो से 3 डिग्री तक की गिरावट दर्ज होगी. इससे सुबह में मामूली ठंड का अनुभव हो सकता है. लेकिन दो दिनों के बाद न्यूनतम और अधिकतम दोनों तापमान में वृद्धि होगी. राजधानी में अगले 4 दिनों के दौरान तापमान 16 से 30 डिग्री तक पहुंचने का पूर्वानुमान व्यक्त किया गया है.
इसे भी पढ़ें : रांची: सरना समाज से जुड़े प्रतिनिधियों ने की बैठक, मांगों पर हुई चर्चा