धनबाद: रेशमा रमेशन को धनबाद का नया ग्रामीण एसपी बनाया गया है। 25 अक्टूबर को रेशमा रमेशन ने पदभार ग्रहण किया। लगभग डेढ़ वर्ष से धनबाद में ग्रामीण एसपी का पद रिक्त था। पदभार ग्रहण के बाद धनबाद पुलिस मेंस एसोसिएशन ने बुके देकर उनका स्वागत किया।
धनबाद में ग्रामीण एसपी का पद सृजन होने के बाद सर्वप्रथम एसपी जनार्दन ग्रामीण एसपी बने। इसके उपरांत अमित रेणु को बनाया गया। अमित रेणु का तबादला होने के बाद एक अन्य अधिकारी को ग्रामीण एसपी का पदभार दिया गया। डेढ़ साल से ग्रामीण एसपी का पद रिक्त था। रेशमा रमेशन केरल कैडर की 2017 बैच की आईपीएस हैं। उन्होंने झारखंड कैडर के लिए आवेदन किया था। इसके बाद रेशमा रमेशन को झारखंड कैडर आवंटित किया गया। रेशमा की शादी झारखंड कैडर के 2016 बैच के आईपीएस अंजनी आंनद से हुई है। रेशमा ने शादी को आधार बताते हुए झारखंड कैडर में आने के लिए केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय से पत्राचार किया था। इसके बाद उनकी सेवा झारखंड कैडर को सौंप दी गई। इससे पहले वह रांची में ट्रैफिक एसपी रह चुकी हैं। ग्रामीण एस पी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उनकी प्राथमिकता अवैध कोयला कारोबारियों पर नकेल कसने की होगी।