Bermo: पेटरवार में झारखंडी भाषा संघर्ष समिति के बैनर तले पेटरवार प्लस टू हाई स्कूल के मैदान से ख़तिहान आधारित नियोजन नीति बनाने एवं भोजपुरी – मगही को क्षेत्रीय भाषा की सूची से हटाने की मांग को लेकर 11 फ़रवरी को विशाल जनआक्रोश रैली निकाली गयी. रैली में हजारों की संख्या में शामिल महिला, पुरुष एवं बच्चे शामिल हुए.
हाथों में तख्तियां : हाथों में तख्तियां लेकर पेटरवार तेनु चौक होते हुए प्रखंड कार्यालय के निकट से रैली वापस हाई स्कूल मैदान पहुंची, जहां सभा में तब्दील हो गयी. रैली में शामिल लोगों ने हेमन्त सरकार होश में आओ, स्थानीय नीति लागू करना होगा आदि नारे लगाए . सभा को संबोधित करते हुए झारखंडी भाषा संघर्ष समिति के अगुवा जयराम महतो एवं तीर्थनाथ आकाश ने कहा कि यह लड़ाई झारखण्ड की भाषा, संस्कृति एवं पहचान को बचाये रखने के लिए है.
लड़ाई जारी रहेगी : उन्होंने कहा कि 45 दिनों से लगातार आंदोलन कर रहे हैं , जब तक सरकार बोकारो व धनबाद से भोजपुरी, मगही को वापस नहीं लेती, तब तक आंदोलन को चलाया जाएगा. गोमिया विधायक डॉ लंबोदर महतो ने कहा कि झारखंड की हेमन्त सोरेन की सरकार जब तक भोजपुर मगही और अंगिका भाषा को बोकारो धनबाद के सूची से नहीं हटाती है, यह लड़ाई जारी रहेगी.
सभा को प्रह्लाद महतो, मनोहर महतो ने भी संबोधित किया. रैली में पूर्व विधायक छत्रुराम महतो, कृष्णा महतो, सुधीर सिन्हा, पंकज कुमार सिन्हा, प्रकाश महतो, पिंटू महतो, दिनेश गुप्ता, चुनुकान्त महतो, सिंटू सिंह, मिथुन महतो सहित हजारों की संख्या में महिला-पुरुष शामिल थे.