Ranchi : कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता आलोक दुबे के खिलाफ बीजेपी महिला मोर्चा ने मोर्चा खोल दिया है. आलोक दुबे पर मोर्चा ने बीजेपी की एक महिला नेत्री का मुंह बंद करने की कोशिश करने का आरोप लगाया है. बीजेपी महिला मोर्चा का कहना है कि हरियाणा के पूर्व सीएम भूपिंदर सिंह हुड्डा ने महिला दिवस के दिन महिलाओं से ट्रैक्टर खिंचवाया था. इसके विरोध में गुरुवार को बीजेपी महिला मोर्चा ने रांची स्थित प्रदेश कांग्रेस दफ्तर पर प्रदर्शन किया. इस दौरान आलोक दुबे ने प्रदर्शन कर रही एक नेत्री का मुंह दबाकर उन्हें चुप कराने की कोशिश की. बीजेपी ने कहा कि यह सिर्फ लोकतंत्र की आवाज को दबाने की कोशिश नहीं, बल्कि एक महिला का भी अपमान है. कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रामेश्वर उरांव आलोक दुबे के अमर्यादित आचरण के लिए माफी मांगें.
यह भी पढ़ें – खतरे की घंटी : झारखंड में जोर पकड़ेगा कोरोना संक्रमण, कहीं भारी न पड़ जाए लापरवाही
महिलाओं का अपमान कांग्रेस के डीएनए में शामिलःभाजपा
बीजेपी की प्रदेश उपाध्यक्ष गंगोत्री कुजूर ने कहा कि इस घटना से स्पष्ट हो गया कि केवल हरियाणा ही नहीं, बल्कि पूरे देश मे कांग्रेस पार्टी महिलाओं को अपमानित करती है. यह कांग्रेस की चाल और चरित्र है जिसका प्रकटीकरण अलग अलग रूपों में होता है. इससे पहले बीजेपी महिला मोर्चा की बैठक प्रदेश कार्यालय में हुई, जिसमें आलोक दुबे के व्यवहार की कड़ी निंदा की गयी. यह भी तय हुआ कि अगर आलोक दुबे पर कांग्रेस ने कार्रवाई नहीं की, तो महिला मोर्चा आंदोलन करेगी.
यह भी देखें –
पहले भी सुर्खियों में रहे हैं कांग्रेस प्रवक्ता आलोक दुबे
आलोक दुबे कुछ दिन पहले भी सुर्खियों में आये थे. कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के सामने वह राजेश ठाकुर और मानस सिन्हा से भिड़ गये थे. इस मामले में प्रदेश कांग्रस के अध्यक्ष और राज्य सरकार में मंत्री रामेश्वर उरांव ने आलोक दुबे का बचाव किया था.
यह भी पढ़ें – रिम्स ट्रामा सेंटर में सिलेंडर बदलने के झंझट से छुटकारा, लिक्विड ऑक्सीजन टैंक से सप्लाई शुरू