Chaibasa (Sukesh/Ramendra): भारतीय जनता पार्टी ने शुक्रवार को सदर प्रखंड में आक्रोश धरना प्रदर्शन कर हेमंत सरकार की नीतियों पर जमकर हमला बोला. सदर मंडल अध्य्क्ष जयकिशन बिरुली एवं चाईबासा नगर अध्यक्ष अक्षय खत्री ने इसका नेतृत्व किया. नेताओं ने कहा कि पूरे राज्य में व्याप्त भय, भ्रष्टाचार, तुष्टीकरण की राजनीति, हत्या, अनाचार, बालू पत्थर की लूट और झूठ के विरोध में यह प्रदर्शन किया गया.
इसे भी पढ़ें: जमशेदपुर : विश्व हिंदू परिषद के कद्दावर नेता बीरेंद्र गुप्ता का निधन, स्वर्णरेखा बर्निंग घाट पर हुआ अंतिम संस्कार
ऐसे मुख्यमंत्री को पद में बने रहने का कोई हक नहीं: अभय सिंह
इस अवसर पर मुख्य वक्ता प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अभय सिंह ने कहा कि सभी जानते हैं कि झारखंड अलग राज्य का निर्माण भारतीय जनता पार्टी के प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी ने किया. शिबू सोरेन ने तो 1991 में कांग्रेस के समक्ष आंदोलन को बेच दिया था. राष्ट्रीय जनता दल के लालू यादव अलग राज्य देना ही नहीं चाहते थे. लेकिन हेमंत सोरेन उन्हीं कांग्रेस औऱ लालू यादव के पार्टी के साथ सरकार बना कर झारखंड को लूट रहे हैं. आदिवासियों के नाम पर राजनीति करने वाली हेमंत सोरेन की पार्टी साहेबगंज और पाकुड़ में बंगलादेशी घुसपैठियों से आदिवासी माता बहनों की अस्मत लुटवा रही है और वे चुप हैं. अनेक आरोप उनके मंत्री और विधायकों पर लगे हैं पर वे चुप हैं. ऐसे मुख्यमंत्री को पद में बने रहने का कोई हक नही हैं.
हम सब मिलकर उन्हें सत्ता छोड़ने पर मजबूर कर देंगे: अभय
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने झारखंड राज्य गठन करवाया है. राज्य के हित में गलत होने पर हमेशा विरोध करेगी. इससे उनकी नींद हराम हो रही है औऱ उनके लोग कहते हैं धरना प्रदर्शन करने वालों को चिन्हित करो. उन्हें दौड़ा दौड़ा कर मारेंगें. वे जान लें कि भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता ऐसी गीदड़ भभकियों से डरने वाले नहीं है और हम सब मिलकर उन्हें सत्ता छोड़ने पर मजबूर कर देंगे.
वर्तमान सरकार को हटाने के लिए जनता मन बना चुकी है: सतीश पुरी
जिला अध्य्क्ष सतीश पुरी ने कहा कि इस एक दिवसीय धरना में उपस्थित जनसमूह की भागीदारी साबित कर रही है कि वर्तमान सरकार को हटाने के लिए जनता मन बना चुकी है और जनता भारतीय जनता पार्टी के साथ है. इस सरकार को पदच्युत करना होगा.
सरकार बनते ही मुख्यमंत्री के साथ उनके सहयोगी झारखंड को लूटने में व्यस्त हो गए: जेबी तुबिद
जेबी तुबिद ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने झारखंड राज्य का गठन आदिवासियों के हित में किया था और भारतीय जनता पार्टी के सरकारों ने इसपर कार्य भी किया है जो आप सभी जानते हैं. केंद्र और राज्य की ड़बल इंजन की सरकार ने राज्य को विकास की गति दी थी. लेकिन हेमंत सोरेन की सरकार बनते ही मुख्यमंत्री के साथ उनके सहयोगी झारखंड को लूटने में व्यस्त हो गए और आरोपित भी होते जा रहे हैं.
इन्होंने भी किया संबोधित
धरना प्रदर्शन को दुर्गावती बोइपाई,पंकज खिरवाल, बिपीन लागुरी, रामानुज शर्मा, नीरेश देवगम, पूर्व प्रत्यासी मनोज लेयांगी, दिनेश चंद्र नंदी, विजय मेलगंडी, गीता बालमुचू ने संबोधित किया.
यह भी थे उपस्थित
धरना में पूर्व विधायक जवाहर लाल बानरा,हेमन्त कुमार केशरी, तरुण संवाइँया, रितेश कुमार, कामेश्वर विश्वकर्मा, ब्राजील सुंडी, गुलशन सुंडी, दिनेश मुंडा, विकास शर्मा समेत हजारों कार्यकर्ता शामिल हुए.
इसे भी पढ़ें: सरायकेला : सीएम के कार्यक्रम को लेकर तैयारी पूरी, बिरसा मुंडा स्टेडियम सजधज कर तैयार