- पलामू में बारिश से शीतलहर बढ़ने के आसार
- 9 फरवरी तक धुंध और कनकनी से राज्यवासियों को राहत नहीं
- 7 फरवरी को पलामू, हजारीबाग समेत कई जिलों में शीतलहरी
Ranchi: राजधानी समेत झारखंड में मौसम बदलाव होने से शीतलहर की संभावना बढ़ गई है. शनिवार को राज्य के अधिकांश हिस्सों पर बादल छाए हुए हैं. पलामू तथा आसपास के क्षेत्रों में हल्की बारिश होने से यहां शीतलहर का प्रभाव है. इन इलाकों में अधिकतम तापमान में 5 डिग्री से अधिक गिरावट दर्ज की गई. मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में राज्य के मध्य और उत्तर पश्चिमी हिस्सों के कुछ क्षेत्रों में वज्रपात और एकाध स्थानों पर ओलावृष्टि की भी संभावना जतायी है.
7 और 8 फरवरी को कड़ाके की ठंड
विभाग ने 7 और 8 फरवरी को राज्य के उत्तर पश्चिमी भाग में कड़ाके की सर्दी का अनुमान व्यक्त किया है. हालांकि संथाल परगना और आसपास के इलाकों पर शीतलहर का ज्यादा असर नहीं रहेगा. राज्य के शेष हिस्सों में अगले दो दिनों के दौरान सुबह में हल्के से मध्यम दर्जे के धुंध छाए रहने की संभावना है. इस दौरान न्यूनतम तापमान में दो से 4 डिग्री सेल्सियस गिरावट होने का अनुमान है.
इसे भी पढ़ें- रांचीः रिम्स के ऑर्थो विभाग में खून देने के नाम पर 4 हजार रुपये की ठगी
इन जिलों के न्यूनतम तापमान में हुई वृद्धि
मौसम विभाग के अनुसार आसमान में बादल छाए रहने से शनिवार को न्यूनतम तापमान में वृद्धि हुई. रांची का न्यूनतम तापमान 13.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. जमशेदपुर, डालटेनगंज; बोकारो, पाकुड़ आदि जिलों में न्यूनतम तापमान में वृद्धि हुई. यह 12 से 14 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा. केवल चाईबासा का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे 9.8 डिग्री सेल्सियस रहा. धूप नहीं होने से इन शहरों के अधिकतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है. रांची समेत राज्य के अन्य हिस्सों के अधिकतम तापमान में 4 से 5 डिग्री तक की गिरावट आई है.
मौसम विभाग के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि 7 फरवरी को पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार, लोहरदगा, रांची, रामगढ़, गुमला, बोकारो, हजारीबाग और गिरिडीह में शीतलहर चल सकती है. 8 फरवरी को संथाल परगना को छोड़कर से झारखंड के शेष हिस्सों में ठंड बनी रहेगी. 7 से 10 फरवरी तक पूरे झारखंड में तापमान 9 डिग्री से 27 डिग्री तक रहने का अनुमान है. इसके बाद झारखंड का मौसम साफ होगा. बावजूद इसके सुबह में धुंध का असर बना रहेगा.
इसे भी देखें-