Shubham Kishore
Ranchi : दिसंबर महीना का दूसरा सप्ताह चल रहा है और ठंड से लोग परेशान हैं. लेकिन लोगों की परेशानी और बढ़ने वाली है. आने वाले 2-3 दिनों में झारखंड में लगभग 3°C के तापमान में गिरावट का अनुमान है. मौसम विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में राज्य में मौसम शुष्क रहा. सबसे अधिक उच्चतम तापमान 29.4 °C चाईबासा में जबकि न्यूनतम तापमान 8.1 °C रामगढ़ में दर्ज किया गया. वहीं राजधानी रांची में 1°C की गिरावट दर्ज की गई. रांची का उच्चतम तापमान 22.2 °C और न्यूनतम तापमान 10.1 °C दर्ज किया गया.
इसे भी पढ़ें –रिमांड अवधि खत्म होने के बाद अमित अग्रवाल की कोर्ट में हुई पेशी, भेजे गये जेल
12 दिसंबर से न्यूनतम तापमान 8°C होने का अनुमान
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, 12 दिसंबर से सुबह में कोहरा के बाद आसमान साफ और मौसम शुष्क रहेगा. अगले 5 दिनों में न्यूनतम तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. राज्य में सबसे न्यूनतम तापमान रामगढ़ में 8°C और अधिकतम तापमान गोड्डा में 27°C होने का अनुमान है.
रांची में भी गिरेगा तापमान
राजधानी में आज से न्यूनतम तापमान 9°C और अधिकतम तापमान 21°C तक रहने का अनुमान है. जिला प्रशासन और रांची नगर निगम ठंड से बचाव के लिए इंतजाम करने में जुटा है. निगम द्वारा शहर में मुख्य 8 चौराहों पर अलाव की व्यवस्था की जा रही है. जिला प्रशासन लगातार जरूरतमंदों के बीच कंबल वितरण कर रहा है. ठंड में मोटे वस्त्र पहनकर ही बाहर निकलें. बच्चों और बुजुर्गों को देखभाल की खास जरूरत है.
इसे भी पढ़ें –Article 370 पर SC के फैसले को भाजपा ने ऐतिहासिक करार दिया, विपक्षी दलों ने दुखद व दुर्भाग्यपूर्ण बताया