Ranchi: झारखंड बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश का प्रमंडल प्रवास फिर शुरू होने वाला है. कोल्हान, संथाल, उत्तरी छोटानागपुर के बाद अब वे पलामू में संगठन को मजबूत करने जाएंगे. 18,19 और 20 फरवरी को वे पलामू दौरे पर जाएंगे. हालांकि तारीखों में फेरबदल की भी संभावना जताई जा रही है. दीपक प्रकाश पलामू प्रवास के दौरान कई कार्यकर्ता सम्मेलनों में शिरकत करेंगे. कार्यकर्ताओं में जोश भरने के साथ मॉब लिंचिंग और नियोजन नीति समेत अन्य स्थानीय मुद्दों को जोरदार तरीके से उठाने का निर्देश देंगे. पंचायत चुनाव को लेकर भी पार्टी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिये जाएंगे.
6 दिन तक उत्तरी छोटानगपुर प्रमंडल के प्रवास पर रहे थे
इससे पहले अक्टूबर महीने में दीपक प्रकाश और बाबूलाल मरांडी ने प्रमंडल प्रवास किया था. दीपक प्रकाश 6 दिनों के लिए उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के प्रवास पर थे. उन्होंने 25 अक्टूबर को हजारीबाग, 26 को कोडरमा, 27 को गिरिडीह, 28 को धनबाद ग्रामीण, 29 को धनबाद नगर और 30 को बोकारो जिला का सांगठनिक दौरा किया था.
7 दिन किया था संथाल में प्रवास
इससे पहले दीपक प्रकाश 4 सितंबर 2021 से 7 दिन के लिए संथाल प्रवास पर थे. जहां उन्होंने जिले के सभी पदाधिकारी, मंच मोर्चा के अध्यक्ष एवं पदाधिकारी, सभी मंडल अध्यक्ष एवं पदाधिकारी, आईटी सेल एवं देवघर के प्रबुद्ध बुद्धिजीवियों के साथ बैठक की थी.
इसे भी पढ़ें-मांग पूरी नहीं होने पर काला बिल्ला लगाकर तीन दिनों तक काम करेंगे पुलिसकर्मी
5 दिन कोल्हान में कार्यकर्ताओं से किया था संवाद
वहीं 2020 में 4 से 8 दिसंबर तक उन्होंने कोल्हान में 5 दिन प्रवास किया. इस दौरान उन्होंने जिला कार्यसमिति की बैठकों के अलावा जिला पदाधिकारियों, सांसद, विधायकों के साथ भी बैठक की. उन्होंने जिलों के पुराने, वरिष्ठ कार्यकर्ताओं, बुद्धिजीवियों, कार्यकर्ताओं और आमजन से भी मिलकर संवाद किया और सभी जिलों में एक बूथ पर बूथ समिति की बैठक में शामिल हुए थे.