Dhanbad : धनबाद (Dhanbad) जिले में पंचायत चुनाव के बाद 29 सदस्यीय जिला परिषद के गठन की कवायद तेज हो गई है. जिला परिषद के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष 15 जून को होने वाला चुनाव रोचक होने की उम्मीद है. बलियापुर से जीतीं उषा देवी एवं धनबाद की कुमारी रूपा भी अध्यक्ष पद की दावेदारी कर रही हैं. दोनों का किसी भी राजनीतिक पार्टी से सीधा संबंध नहीं है. अध्यक्ष पद के लिए प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष और बाघमारा के पूर्व विधायक जलेश्वर महतो की बहू को पराजित करने वाली भाजपा की शारदा सिंह व पिंकी मरांडी, आजसू से वाणी देवी, जबकि झामुमो से हसीना खातून व नाजिश रहमानी दावेदारी कर रही हैं. उपाध्यक्ष पद के लिए तोपचांची से जीते विकास महतो का नाम सामने आ रहा है. सबसे अधिक 11 सीटें जीतने के बावजूद भाजपा के लिए अध्यक्ष व उपाध्यक्ष की कुर्सी पर कब्जा आसान नहीं दिख रहा है. भाजपा संख्या बल जुटाने के लिए आजसू के साथ गठबंधन की कोशिश में है. जिला परिषद से आजसू के दो सदस्य जीते हैं.
गैर भाजपा सदस्याें को गोलबंद करने में जुटे कांग्रेस-झामुमो
इधर, झामुमो और कांग्रेस गैर भाजपाई सदस्यों को गोलबंद करने में लगे हुए हैं. झामुमो के 7, मासस के 4 व कांग्रेस के 3 सदस्य जीते हैं.सत्ता एवं विपक्ष की इस गोलबंदी को दो निर्दलीय भेदने में लगी हुई हैं. वहीं, उपाध्यक्ष के लिए विकास महतो व बलियापुर से जीते कांग्रेस के संजय महतो मुहिम चला रहे हैं. भाजपा एवं झामुमो दोनों प्रत्याशी किसे बनाया जाए एवं सदस्यों को पार्टी के फैसले के साथ कैसे समेटकर रखा जाए, इस पर मंथन कर रहे हैं.
5 विधानसभा क्षेत्रों से निर्वाचित 29 जिप सदस्य
निरसा से बादल बाउरी मासस, मो. गुलाम कुरैशी झामुमो, रेखा महतो झामुमो, वसुंधरा पाल मासस, संजय सिंह भाजपा, दीपाली रोहिदास मासस, पिंकी मरांडी भाजपा, सिंदरी से स्वाति कुमारी भाजपा, नाजिश रहमानी झामुमो, सोहराब अंसारी कांग्रेस, हसीना खातून झामुमो, लक्ष्मी मुर्मू झामुमो, श्वेता कुमारी मासस, उषा देवी निर्दलीय, संजय महतो कांग्रेस, धनबाद से रूपा देवी निर्दलीय, टुंडी से मीणा हेंब्रम झामुमो, गुरुचरण बास्की झामुमो, जेबा मेनीसेंट मरांडी भाजपा, वाणी देवी आजसू, इसराफिल उर्फ लाला अंसारी कांग्रेस, विकास महतो भाजपा, बिजली देवी भाजपा, सरिता देवी आजसू, बाघमारा से सुबोध कुमार भारती भाजपा, आरती देवी, भाजपा, आशा देवी भाजपा, ललिता देवी भाजपा, शारदा सिंह भाजपा.
यह भी पढ़ें : धनबाद : सीसीटीवी पर ब्लैक कलर स्प्रे कर ATM उखाड़ ले गए अपराधी