Dhanbad : धनबाद (Dhanbad) भारतीय जनता पार्टी धनबाद जिला महानगर और धनबाद जिला ग्रामीण संयुक्त रूप से 23 नवम्बर को धनबाद जिला अंचल कार्यालय में हेमंत सरकार के खिलाफ आक्रोश-प्रदर्शन करेगी. प्रदर्शन में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तथा पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास और मांडू के विधायक जयप्रकाश पटेल शामिल होंगे. यह बातें भारतीय जनता पार्टी धनबाद जिला महानगर के अध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह ने 22 नवम्बर को गांधी सेवा सदन में आयोजित प्रेस वार्ता में कही. उन्होंने कहा कि आक्रोश प्रदर्शन में भारतीय जनता पार्टी धनबाद जिला महानगर के सभी 17 मंडल और 7 मोर्चा के कार्यकर्ता शामिल होंगे. प्रेस वार्ता में चंद्रशेखर सिंह के अलावा संजय झा, मानस प्रसून, मिल्टन पार्थसारथी और मनोज सिंह मौजूद थे.
निरसा में हुई धनबाद समाहरणालय घेराव की तैयारी
Nirsa : प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर 23 नवंबर को धनबाद समाहरणालय घेराव कार्यक्रम में धनबाद जिला ग्रामीण के भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे. ग्रामीण जिलाध्यक्ष ज्ञानरंजन सिन्हा ने मंगलवार को हरदेवराम स्मृति भवन गोविंदपुर में पत्रकारों को बताया कि राज्य में व्याप्त भय,भूख, भ्रष्टाचार, खनिज लूटने वाली, महिला, किसान, आदिवासी, दलित,पिछड़ा विरोधी हेमंत सरकार के विरोध में ग्रामीण जिला एवं महानगर जिला संयुक्त रूप से समाहरणालय का घेराव करेगी. धनबाद ग्रामीण जिले के तीन विधानसभा क्षेत्र टुंडी, सिन्दरी और निरसा के 18 मंडल और सात मोर्चा के हजारों कार्यकर्ता 23 नवंबर को सुबह 10 बजे धनबाद जगजीवन नगर पार्क मे एकत्रित होंगे. वंहा से सुबह साढ़े दस बजे सभी जुलूस की शक्ल में धनबाद समाहरणालय घेराव के लिए निकलेंगे. सांसद पीएन सिंह, निरसा विधायक अपर्णा सेन गुप्ता, सिंदरी विधायक की पत्नी तारा देवी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य धर्मजीत सिंह, जिला प्रभारी मनोज महतो वाजपेयी की उपस्थिति में जिलाध्यक्ष ज्ञान रंजन सिन्हा के नेतृत्व में आक्रोश रैली निकलेगी. पत्रकार वार्ता में जिला मीडिया प्रभारी रतिरंजन गिरि, जिला कार्यसमिति सदस्य ओम प्रकाश बजाज व अमरदीप सिंह, ओबीसी मोर्चा जिला उपाध्यक्ष तालेश्वर साव, राजेश शर्मा आदि मौजूद थे.