Dhanbad : आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर धनबाद (Dhanbad) जिला कांग्रेस की 75 किलोमीटर गौरव यात्रा के तीसरे दिन की शुरुआत झरिया से हुई. जिला अध्यक्ष ब्रजेन्द्र प्रसाद सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने 11 अगस्त को झरिया के चिल्ड्रन पार्क स्थित महात्मा गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर यात्रा का शुभारंभ किया. यहां से कतरास मोड़, भगतडीह, बस्ताकोला, धनसार, मनईटांड़ होते हुए सैकड़ों कांग्रेसजन पदयात्रा करते हुए गांधी सेवा सदन पहुंचे. वहां बापू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम को विश्राम दिया. ब्रजेन्द्र प्रसाद सिंह ने कहा कि गौरव यात्रा पार्टी की ऐतिहासिक पहल है. आजादी के अमृत महोत्सव के नाम पर कुछ पार्टियां तिरंगा को भंजाने में लगी हैं. उनके नेता कहते चल रहे हैं कि तिरंगा उनका है. लेकिन सच्चाई यह है कि तिरंगा किसी की निजी संपत्ति नहीं, हिंदुस्तान की 140 करोड़ जनता की शान है. उन्होंने कहा कि देश भक्ति का ढोंग कर कुछ पार्टियां लोगों में फूट डालकर देश को तोड़ने की फिराक में हैं. इसे देखते हुए ही कांग्रेस को भारत जोड़ो अभियान के तहत गौरव यात्रा निकालनी पड़ी.
यात्रा के जरिए जनता को जागरूक कर रही कांग्रेस : रवींद्र
अशोक सिंह ने कहा कि गौरव यात्रा का उद्देश देश के लोगों को जगाना है. केंद्र सरकार की गलत नीतियों के कारण लोगों में हताशा है. कांग्रेस शासन में महंगाई कंट्रोल में थी. आज बढ़ती कीमतों से हर कोई परेशान है. अब तो लस्सी, छांछ, दूध-दही पर भी जीएसटी लगाया जा रहा है. जिला कार्यकारी अध्यक्ष रवींद्र वर्मा ने कहा कि गौरव यात्रा के माध्यम से जनता को जागरूक किया जा रहा है. प्रधानमंत्री मोदी ने जूठे जुमलों जरिए देशवासियों को धोखा दिया है. जनता उन्हें कभी माफ नहीं करेगी.
यह भी पढ़ें : धनबाद : जेएसएलपीएस की दीदियों ने अधिकारियों को तिरंगा फहराने का दिया आमंत्रण