- प्रदेश अध्यक्ष के खिलाफ विरोध प्रदर्शन अब मुख्यालय तक पहुंचा
Ranchi : झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर के खिलाफ बयानबाजी जारी है. शुक्रवार को भी पार्टी मुख्यालय में कुछ ऐसा ही नजरा दिखा. जब प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर को हटाने की मांग को लेकर रांची जिला ग्रामीण कांग्रेस के महासचिव व प्रवक्ता रमेश उरांव, कांग्रेस नेता फिरोज रिजवी मुन्ना सहित दर्जनभर कार्यकर्ता धरने पर बैठ गए. ये सभी प्रदेश अध्यक्ष को हटाने की मांग कर रहे थे. विरोध प्रदर्शन की जानकारी मिलते ही रांची महानगर कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदेश मुख्यालय पहुंचे. प्रदेश अध्यक्ष का विरोध कर रहे सभी विरोधियों को वहां से हटाया. महानगर अध्यक्ष डॉ. कुमार राजा ने बताया कि किसी को अगर प्रदेश नेतृत्व की कार्यशैली से आपत्ति है, तो वे पार्टी फोरम में अपनी बात रखें. प्रदेश मुख्यालय में पार्टी के खिलाफ इस तरह का प्रदर्शन कतई बर्दाशत नहीं किया जाएगा.
समिति के फैसलों को पार्टी कार्यकर्ता खुलकर चुनौती दे रहे हैं
बता दें कि बीते दिनों प्रदेश कांग्रेस अनुशासन समिति ने फैसला किया था कि संगठन में अनुशासनहीनता कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी. प्रदेश नेतृत्व और पार्टी विरोधी कार्य करने वालों पर कमिटी की पूरी नजर है. अनुशासन समिति ने दो दिन पहले ही ऐसे सात नेताओं को चयनित कर शो-कॉज नोटिस जारी किया था. इसके बावजूद अनुशासन समिति के फैसलों को पार्टी कार्यकर्ता खुलकर चुनौती दे रहे हैं.
इसे भी पढ़ें – झारखंड में बांग्लादेशियों की घुसपैठ पर विधानसभा में हंगामा