Ranchi : राज्यपाल के रूप में द्रौपदी मुर्मू के द्वारा किए गए कार्य मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सरकार के लिए अनुकरणीय बताया है. उन्होंने कहा है कि राज्यपाल के रूप में झारखंड प्रदेश के लिए इनका कार्यकाल सबसे लंबा 6 साल से अधिक का रहा. इनके मार्गदर्शन और दिशा निर्देश से राज्य ने लंबी यात्रा तय की. उन्होंने बेहतर मार्गदर्शन और समन्वय से राज्य में गुड गवर्नेंस का उदाहरण पेश किया.
मुख्यमंत्री ने यह बातें कांके रोड रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय परिसर में रविवार शाम आयोजित विदाई समारोह के दौरान कही. इस दौरान राज्यपाल को मुख्यमंत्री ने स्मृति चिन्ह भेंट किया. मौके पर उपस्थित राज्यपाल के परिजनों को भी स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया. वहीं कार्यक्रम में उपस्थित तमाम कैबिनेट मंत्रियों ने राज्यपाल को पुष्पगुच्छ भेंट कर भावपूर्ण विदाई दी.
विदाई समारोह में इनकी रही उपस्थिति
इस दौरान द्रौपदी मुर्मू ने सभी का सहृदय अभिवादन किया. कार्यक्रम के दौरान विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो, मंत्री रामेश्वर उरांव, मंत्री आलमगीर आलम, मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर, मंत्री बादल पत्रलेख, मंत्री सत्यानंद भोक्ता एवं मंत्री बन्ना गुप्ता सहित जेएमएम सुप्रीमो शिबू सोरेन उनकी पत्नी और कई आला अधिकारी उपस्थित थे.
बता दें कि झारखंड में बीते दिनों केंद्र सरकार ने नए राज्यपाल की नियुक्ति की है.वहीं अपने कार्यकाल पूरा होने के बाद वर्तमान राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू सोमवार को झारखंड से अपने पैतृक आवास रायरंगपुर (ओड़िशा) के लिए रवाना होंगी.
हर वर्ग के लोगों के प्रति था विशेष लगाव और प्यार
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन्होंने कई कठिन निर्णय को सरलता से लेते हुए समस्याओं का समाधान किया. राज्य के हर वर्ग के लोगों के प्रति इनका विशेष लगाव और प्यार था. हर वर्ग के लोगों के साथ इनका सीधा संवाद निश्चित रूप से काफी सराहनीय रहा. इन्होंने सभी तबके के लोगों को जोड़ कर रखा. राज्य के दलित, गरीब, पिछड़ों के बेहतरी और विकास के लिए इन्होने प्रतिबद्धता के साथ प्रयास किया. मुख्यमंत्री ने राज्यपाल का आभार जताते हुए इनकी सेवाओं की सराहना की. मुख्यमंत्री ने कहा कि निश्चित रूप से इनके कार्यकाल को झारखंड की जनता सदैव याद रखेगी.
पूर्व मुख्यमंत्री और उसकी पत्नी ने भेंट किया पुष्पगुछ और स्मृति चिन्ह
सादगी से भरे भावपूर्ण वातावरण में आयोजित विदाई समारोह में राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान राज्यसभा सांसद दिशोम गुरु शिबू सोरेन एवं उनकी धर्मपत्नी रूपी सोरेन, मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी कल्पना मुर्मू सोरेन सहित अन्य परिजनों ने भी राज्यपाल एवं उनके परिजनों को पुष्पगुछ और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया.
कई अधिकारियों ने राज्यपाल को दी विदाई
मौके पर रांची मेयर आशा लकड़ा, मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, राज्य निर्वाचन आयुक्त डीके तिवारी, डीजीपी नीरज सिन्हा, विकास आयुक्त अरुण कुमार सिंह, अपर मुख्य सचिव केके खंडेलवाल,अपर मुख्य सचिव एल खियांग्ते,अपर मुख्य सचिव शैलेश कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का, प्रधान सचिव अजय कुमार सिंह, प्रधान सचिव वंदना दादेल, मुख्यमंत्री के सचिव विनय कुमार चौबे, महाधिवक्ता राजीव रंजन, रांची उपायुक्त छवि रंजन, एसएसपी सुरेंद्र कुमार झा सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे.
इसे भी पढ़ें-राज्यपाल दौपदी मुर्मू से मिले हिमांशु शेखर चौधरी, दिया मोमेंटो