Garhwa : गढ़वा के रंका प्रखंड मुख्यालय में भारत सरकार की स्वायत संस्था नेहरू युवा केंद्र के बैनर तले परियोजना बालिका उच्च विद्यालय में बाल दिवस का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की शुरुआत चाचा नेहरू की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए परियोजना बालिका उच्च विद्यालय के प्राचार्य सुधीर रजक ने कहा कि नेहरू जी देश के बच्चों से बहुत प्रेम करते थे. इसलिए बच्चे भी प्रेम से उन्हें चाचा नेहरू कहते थे. आज भारत दिन प्रतिदिन तरक्की कर रहा है तो यह नेहरू जी की दूरदर्शिता की ही देन है. उनके विचारों से प्रभावित होकर भारत सरकार ने नेहरू जी के नाम पर नेहरू युवा केंद्र संस्था की स्थापना की. इसका उद्देश्य देश के युवाओं में राष्ट्र प्रेम की भावना को जागृत करना है.
इसे भी पढ़ें : महिला ने प्रेमी के साथ मिलकर किया पति का कत्ल, बाल्टी में भरा खून, चार साल बाद खुलासा
कार्यक्रम का संचालन कर रहे नेहरू युवा केंद्र के पूर्व राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक अमरेंद्र कुमार ने नेहरू जी एवं नेहरू युवा केंद्र पर प्रकाश डालते हुए कहा कि चाचा नेहरू किसी जाति नहीं अपितु पूरे जमात के नेता थे. वह देश के सभी धर्म के लोगों को साथ लेकर चलने में यकीन करते थे. नेहरू युवा केंद्र की स्थापना आज ही के दिन यानी बाल दिवस के अवसर पर 14 नवंबर 1972 को हुई थी. इसका उद्देश्य राष्ट्र के नवयुवकों में नेतृत्व की भावना का विकास करने के साथ-साथ कौशल ज्ञान के बारे में भी अवगत कराना था. आगे कहा कि नेहरू युवा केंद्र शुरू से ही देश के युवाओं के सर्वांगीण विकास में महत्ती भूमिका निभाता आ रहा है. कार्यक्रम में शामिल अन्य शिक्षक एवं शिक्षिकाओं ने भी नेहरू जी को एक आदर्श एवं महान पुरुष बताते हुए कहा कि देश के युवाओं को सदैव उनके पद चिन्हों पर चलना चाहिए. इस अवसर पर शिक्षक सुरेंद्र रजक, सुधाकर, शिक्षिका सरिता कुमारी, सहायक अनमोल कुमार चौबे, छात्रा संगीता कुमारी, तन्नू पांंडेय, रेणु कुमारी, शहनाज खातून, प्रतिमा कुमारी, पूनम कुमारी, ज्योति कुमारी, अन्नपूर्णा कुमारी सहित काफी संख्या में विद्यालय की छात्राएं एवं स्थानीय लोग उपस्थित थे.
इसे भी पढ़ें : दिल्ली : हैवान प्रेमी का खूनी खेल, प्रेमिका के 35 टुकड़े कर फ्रीज में रखा, रोज फेंकता था लाश के टुकड़े