Giridih : 19 नवंबर की रात कांग्रेस प्रदेश प्रतिनिधि उपेंद्र प्रसाद सिंह के आमरण अनशन समाप्ति की घोषणा के बाद जिला कांग्रेस ने 20 नवंबर को विजय रैली नकाली. कांग्रेस कार्यालय से टावर चौक तक निकाली गई रैली की अगुवाई उपेंद्र प्रसाद सिंह व अजय कुमार सिन्हा ने की. उपेंद्र सिंह गिरिडीह जिले के पूर्व डीसी राहुल सिन्हा और जिला आपूर्ति पदाधिकारी डॉ. सुदेश कुमार के खिलाफ सीबीआई जांच की मांग को लेकर 16 नवंबर से झंडा मैदान में आमरण अनशन कर रहे थे. उनका आरोप है कि दोनों अधिकारियों के कार्यकाल में सरकारी जमीन की लूट-खसोट हुई.
19 नवंबर की रात डीसी नमन लकड़ा के निर्देश पर अपर समाहर्ता विल्सन बेंगरा से वार्ता के बाद उपेंद्र प्रसाद सिंह ने अनशन समाप्त किया. अपर समाहर्ता ने उन्हें दोनों अधिकारियों के खिलाफ सरकार से जांच की अनुशंसा कराए जाने का लिखित आश्वासन दिया. इसके बाद उन्होंन अनशन खत्म किया.
टावर चौक पर उपेंद्र प्रसाद सिंह ने आमरण अनशन की सफलता को लोकतंत्र की जीत करार दिया. कहा कि अधिकारी अपने कार्यकाल में मनमानी करते हैं. लोकतंत्र के प्रहरी होने के नाते ऐसे लूट के खिलाफ आवाज बुलंद करना हम सबका फर्ज है. मौके पर आनंद कुमार वर्मा, बलराम यादव, अशोक विश्वकर्मा, महसर इमाम, राज किशोर सिंह, रणधीर चौधरी, मनोज राय, निरंजन तिवारी, गोविंद राणा, नागेश्वर मंडल, आदर्श कुमार समेत पार्टी के दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद थे.
यह भी पढ़ें : गिरिडीह : डॉ. सबा के निधन से राज्य को क्षति- विनोद सिंह