मेजबानी के लिए तैयार है हजारीबाग कर्जन ग्राउंड
राज्यभर के 400 तीरंदाजों और 100 तकनीकी पदाधिकारियों का लगेगा महाकुंभ
आयोजन समिति के निदेशक और हजारीबाग तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष ने लिया तैयारियों का जायजा
Hazaribagh : उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल मुख्यालय हजारीबाग की धरती पर पहली बार खेल की विधा तीरंदाजी में राज्यस्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन होने जा रहा है. 30 सितंबर से दो अक्तूबर तक आयोजित होने वाली तीन दिवसीय 15 वीं राज्यस्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता-2023 की मेजबानी के लिए हजारीबाग तैयार है. झारखंड तीरंदाजी संघ के सहयोग से इस प्रतियोगिता का आयोजन हजारीबाग स्टेडियम ( कर्जन ग्राउंड) में होगा. प्रतियोगिता का आयोजन हजारीबाग तीरंदाजी संघ और जिला प्रशासन कर रहा है. प्रतियोगिता में राज्यभर के 400 तीरंदाज और तीरंदाजी से जुड़े 100 तकनीकी पदाधिकारियों का महाकुंभ लगेगा. इस आयोजन को लेकर शुक्रवार को आयोजन समिति के निदेशक करण जायसवाल और आयोजन समिति के सचिव सह जिला तीरंदाजी संघ, हजारीबाग के अध्यक्ष आलोक कुमार, संघ के सचिव सह तीरंदाजी के प्रशिक्षक मनोज कुमार और आयोजन समिति से जुड़े विशाल वाल्मिकी सहित अन्य लोगों ने कर्जन ग्राउंड में तैयारियों का जायजा लिया. साथ ही युवा खिलाड़ियों के साथ तीरंदाजी की प्रैक्टिस कर उनका हौसला बढ़ाया.
इसे भी पढ़ें :बोकारो : सुरेश कुमार सिन्हा ने सीओ व प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी का लिया प्रभार
आयोजन की मेजबानी में नहीं रहेगी कोई कमी : आलोक कुमार
आयोजन समिति के निदेशक करण जायसवाल और आयोजन समिति के सचिव सह जिला तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष आलोक कुमार ने संयुक्त रूप से बताया कि उनकी कोशिश है कि आयोजन की मेजबानी में कोई कमी नहीं हो. साथ उन्होंने यह भी बताया कि इस आयोजन में अतिथि के रूप में राष्ट्रीय ओलंपियन लक्ष्मी रानी, झानो हांसदा, रीना कुमारी, रिमली ब्रुली, मधुमिता, दिप्ती कुमारी, अंजला सिंह, अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित मंगल सिंह चांपिया सहित कई नामचीन हस्तियां भी शामिल होंगे.
इसे भी पढ़ें :रांची : हजारी उर्फ प्रशांत राज श्रीवास्तव हत्याकांड में अमित और बृज किशोर दोषी करार