Ranchi : हॉकी इंडिया की 13वीं वार्षिक आमसभा (एजीएम) शुक्रवार को मारंग गोमके जयपाल सिंह एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम मीटिंग हॉल में आयोजित की गयी. झारखंड में पहली बार हुई एजीएम के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप तिर्की ने कहा कि पहली दफा हॉकी की इंटरनेशनल प्रतियोगिता झारखंड में आयोजित की गयी. झारखंड के सीएम का शुक्रिया करते हुए कहा कि हेमंत सोरेन का इसमें बहुत बड़ा योगदान है. वे हॉकी को काफी सपोर्ट कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि भविष्य में भी हम झारखंड में अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप का आयोजन करना चाहेंगे. हम ग्रास रूट पर काम करना चाहते हैं. बताया कि पिछले एक वर्ष में हॉकी इंडिया ने बहुत अच्छा परफॉर्मेंस किया है. हम एशियन जूनियर बॉयज और गर्ल्स में चैंपियन बने. एशियन चैंपियन ट्रॉफी में पुरुष टीम चैंपियन बनी. महिला टीम भी शानदार प्रदर्शन कर रही है. विजेताओं को कैश अवार्ड दिया जा रहा है. पहली बार हॉकी इंडिया ने अंडर 17 बालक और बालिका को यूरोप भेजा. ग्रास रूट लेवल पर जोनल चैंपियनशिप आयोजित किया गया.
राष्ट्रीय चैंपियनशिप में पदक जीतने वाली प्रत्येक सदस्य इकाई को मिलेंगे 10 लाख
हाॅकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह ने एजीएम में हुए फैसले की जानकारी देते हुए कहा कि राज्य सदस्य इकाइयों को मजबूत करने के लिए वर्ष 2023 में आयोजित हॉकी इंडिया राष्ट्रीय चैंपियनशिप में पदक जीतने वाली प्रत्येक सदस्य इकाई को 10 लाख रुपये का पुरस्कार देने का निर्णय लिया गया है. मेन फोकस इंडियन हॉकी का पुराना दिन वापस लाना है. उन्होंने बताया कि 2011 में जो भारतीय क्रिकेट टीम के साइकोलॉजिस्ट थे, वही वर्तमान में हॉकी मेन टीम का हिस्सा हैं. छठी राष्ट्रीय चैंपियनशिप में से कम से कम 4 में भाग लेने वाली प्रत्येक स्थायी राज्य सदस्य इकाई को 1.50 लाख रुपये का समर्थन मिलेगा.
हॉकी फैंस हैं, तो हॉकी है- तैयब इकराम
सभी छह राष्ट्रीय चैंपियनशिप में भाग लेने वाली इकाइयों को 9 लाख रुपये का अनुदान मिलेगा. इसी प्रकार, एसोसिएट राज्य सदस्य इकाइयों को प्रत्येक हॉकी इंडिया राष्ट्रीय चैंपियनशिप में उनकी भागीदारी के लिए 1.50 लाख रुपये का 50% पुरस्कार दिया जाएगा, बशर्ते वे कम से कम 4 वार्षिक राष्ट्रीय चैंपियनशिप में खेले हों. वहीं तैयब इकराम ने कहा कि इंडियन हॉकी है, तो हॉकी वर्ल्ड है. हॉकी फैंस हैं, तो हॉकी है. जिस तरह से दर्शक बड़ी संख्या में मैच देखने आ रहे हैं, काफी गर्व महसूस कर रहे हैं.
इसे भी पढ़ें – रांची : भ्रष्टाचार के खिलाफ भारतीय मजदूर संघ का राजभवन घेराव