Jamshedpur (Sunil Pandey) : जमशेदपुर में एक बार फिर बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है. समीपवर्ती जिलों व ओडिशा राज्य में बीते कुछ दिनों में हुई वर्षा के कारण डैम लबालब हो गया है, इसके कारण डैम का गेट खोलना पड़ा. जमशेदपुर से सटे चांडिल डैम का एक गेट मंगलवार की रात एक मीटर की ऊंचाई पर खोला गया. वहीं, तीन गेट आज खोले गए. कूल आठ गेट खोले गए हैं, जिससे 50.42 क्यूमेक पानी का बहाव हो रहा है. इससे स्वर्णरेखा नदी का पानी तेजी से बढ़ रहा है. हालांकि वह अभी खतरे के निशान से नीचे हैं.
इसे भी पढ़े : किरीबुरू : लोकेश्वर मंदिर तालाब में महिलाओं ने की आषाढ़ी छठ पूजा
ओडिशा के ब्यांगबिल डैम व खरकई डैम के खोले गए दो गेट
वहीं, ओडिशा के ब्यांगबिल डैम व खरकई डैम का फाटक खोले जाने से खरकई नदी का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया है. खरकई नदी वर्तमान में 129.76 मीटर की ऊंचाई पर बह रही है. प्रशासनिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार ओडिशा के ब्यांगबिल डैम का दो गेट तथा खरकई डैम का दो गेट खोला गया है. नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण बागबेड़ा के निचले इलाकों में माइकिंग शुरू कर दी गई है. स्थानीय जनप्रतिनिधि माइकिंग कर लोगों को सतर्क रहने की अपील कर रहे हैं.
इसे भी पढ़े : चाईबासा : कोल्हान विवि ने फिजिक्स विभाग के पूर्व एचओडी को किया सम्मानित
डीसी ने अधिकारियों को किया अलर्ट
चांडिल डैम का फाटक खोले जाने से स्वर्णरेखा नदी का जलस्तर बढ़ना तय है. इसे देखते हुए उपायुक्त विजया जाधव ने मानगो नगर निगम के कार्यपालक पदाधिकारी सुरेश यादव, जेएनएसी के विशेष पदाधिकारी संजय कुमार, जमशेदपुर सदर के बीडीओ प्रवीण कुमार, सीओ अमित श्रीवास्व तथा मानगो सीओ हरिशचंद मुंडा को अलर्ट पर रहने का निर्देश दिया है. उपायुक्त ने कहा कि मंगलवार की रात में चांडिल डैम का एक गेट खोला गया था और बुधवार की सुबह तीन गेट खोला गया है.
इसे भी पढ़े : चाईबासा : कोल्हान विवि ने फिजिक्स विभाग के पूर्व एचओडी को किया सम्मानित
दो से ढाई मीटर की ऊंचाई पर खोले गए गालूडीह बराज के आठ गेट
वहीं, गालूडीह बराज के आठ गेट दो से ढाई मीटर की ऊंचाई पर खोले गए हैं. उक्त बराज का पानी भी स्वर्णरेखा में ही मिलता है. इससे नदी का जलस्तर निश्चित ही बढ़ने की संभावना है. इससे मानगो, जेएनएसी के निचले इलाकों वाले पोषक क्षेत्र, भुइयांडीह, कदमा, बारीडीह व नदी किनारे के अन्य इलाकों में नदी का पानी घुसने की संभावना रहेगी. जिला उपायुक्त द्वारा उपयुक्त सभी पदाधिकारियों को पूरी टीम के साथ तैयार रहते हुए निचले इलाकों में माइकिंग करने तथा आश्रय स्थलों में आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने का आदेश दिया गया है.
इसे भी पढ़े : धनबाद:दिसंबर में शुरू होगा शहर का पहला गैस इंसुलेटेड सब स्टेशन
प्रशासन ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर
- संजय कुमार, जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति, विशेष पदाधिकारी (8521658925),
- सुरेश यादव, मानगो नगर निगम, कार्यपालक पदाधिकारी (9572170182)
- अमित श्रीवास्तव, अंचल अधिकारी, जमशेदपुर सदर (9471728344),
- प्रवीण कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी जमशेदपुर सदर (8340363635),
- हरिशचंद्र मुंडा अंचल अधिकारी, मानगो (7004507730)
- उपायुक्त, पूर्वी सिंहभूम (0657-2431002)
इसे भी पढ़े : आदित्यपुर : डॉ. लक्ष्मी आदित्यपुर स्वास्थ्य केंद्र की नई प्रभारी