- बिरसा मुंडा के आवास पर राष्ट्रपति के साथ पांच से छह लोगों को जाने की अनुमति.
- रांची एयरपोर्ट से सीधे उलिहातू जाएंगी राष्ट्रपति, सीएम हेमंत सोरेन भी रहेंगे साथ.
- मोरहाबादी में राज्यस्तरीय कार्यक्रम, 7300 करोड़ रुपये के योजनाओं को लॉन्च करेंगे सीएम हेमंत.
- 147 परियोजनाओं का शिलान्यास और 222 प्रोजेक्ट का उद्घाटन करेंगे मुख्यमंत्री.
- 147 परियोजनाओं का शिलान्यास राशि कुल 5433 करोड़ रुपये, 222 प्रोजेक्ट की राशि 1876 करोड़ रुपये.
- 1000 नियुक्ति पत्र का वितरण करेंगे सीएम हेमंत सोरेन
- जिलों में आयोजित होंगे कार्यक्रम, मंत्रियों को मिला प्रभार
नितेश ओझा
Ranchi: राष्ट्रपति बनने के बाद द्रौपदी मुर्मू पहली बार झारखंड आ रही हैं. झारखंड आने का उनका उद्देश्य भगवान बिरसा मुंडा के जन्मदिवस पर खूंटी जिला स्थित उनके जन्मस्थान उलिहातू जाकर श्रद्धांजलि देना है. आजादी के बाद यह पहला मौका होगा, जब कोई राष्ट्रपति भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली उलिहातू आ रही हैं. उलिहातू दौरे के दौरान राष्ट्रपति के साथ मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी रहेंगे. झारखंड गठन के 22 साल पूरे कर रहा है. राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर राजधानी के मोरहाबादी मैदान में राज्यस्तरीय कार्यक्रम आयोजित होगा. कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन राज्यवासियों को कई योजनाओं की सौगातें देंगे. हालांकि झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शामिल नहीं होंगी.
रांची से सीधे उलिहातू जाएंगी राष्ट्रपति, मुख्यमंत्री भी रहेंगे साथ
राष्ट्रपति सुबह 8:20 बजे बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचेंगी. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन स्वयं राष्ट्रपति की अगुवाई करेंगे. एयरपोर्ट पर ही राष्ट्रपति को झारखंड पुलिस द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा. 8:30 बजे राष्ट्रपति भारतीय वायुसेना के हेलीकॉप्टर एमआई 17 से खूंटी जाएंगी. करीब 20 मिनट की दूरी तय कर राष्ट्रपति का हैलीकॉप्टर 8:50 बजे उलिहातू में बने हैलीपेड पर लैंड करेगा. हैलिपेड से राष्ट्रपति 9:05 बजे उलिहातू गांव जाएंगी. 9:05 बजे से 09:35 बजे तक राष्ट्रपति उलिहातू में रहेंगी.
परिजनों को अपने हाथों से सम्मानित करेंगी राष्ट्रपति, बिरसा मुंडा को देंगी श्रद्धांजलि
इस अवधि में राष्ट्रपति बिरसा मुंडा के आवास जाएंगी. राष्ट्रपति के साथ पांच से छह लोगों को ही आवास के अंदर प्रवेश करने की अनुमति मिली है. आवास में राष्ट्रपति बिरसा के परिजनों से मुलाकात करेंगी. और उन्हें अपने हाथों से उपहार भेंट करेंगी. यह उपहार द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रपति भवन से लेकर आ रही हैं. बिरसा मुंडा के परिजनों को सम्मानित करने वाली द्रौपदी मुर्मू पहली राष्ट्रपति होंगी. इस अवधि में राष्ट्रपति बिरसा कॉम्पलेक्स में जाकर भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि भी देंगी. 09:35 बजे राष्ट्रपति उलिहातू हैलिपेड के लिए प्रस्थान करेंगी. 10:10 बजे राष्ट्रपति रांची एयरपोर्ट लौटेंगी. 10:15 बजे वह जबलपुर के लिए प्रस्थान करेंगी.
मोरहाबादी में होगा भव्य कार्यक्रम, सौगातों की होगी बरसात
राष्ट्रपति के रांची से लौटने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सीधे मोरहाबादी मैदान पहुंचेंगे. मोरहाबादी मैदान में राज्यस्तरीय कार्यक्रम आयोजित होना है. कार्यक्रम दो चरणों में होगा. राज्य स्थापना दिवस का कार्यक्रम दोपहर 12:00 बजे शुरू होगा, जो 2 बजे तक चलेगा. इस दौरान मुख्यमंत्री कई योजनाओं की शुरूआत करेंगे और लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण करेंगे.
मुख्यमंत्री कुल 7300 करोड़ रुपये के योजनाओं को लॉन्च करेंगे. इसमें 147 परियोजनाओं का शिलान्यास और 222 परियोजनाओं का उद्घाटन शामिल है. 147 परियोजनाओं की शिलान्यास राशि कुल 5433 करोड़ रुपये, 222 प्रोजेक्ट योजनाओं की राशि 1876 करोड़ रुपये है. शाम पांच से सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होगा. मुख्यमंत्री 1000 नियुक्ति पत्र का वितरण भी करेंगे.
राज्यपाल रमेश बैस होंगे मुख्य अतिथि
दोपहर के कार्यक्रम में मंच पर राज्यपाल रमेश बैस मुख्य अतिथि होंगे. कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन करेंगे. केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा की गरिमामयी उपस्थिति के बीच विशेष अतिथि झामुमो अध्यक्ष सह पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन और कांग्रेस प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय होंगे. वहीं सम्मानित अतिथियों में ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम, श्रम मंत्री सत्यानंद भोक्ता होंगे. कार्यक्रम में स्थानीय सांसद संजय सेठ, महुआ माजी, दीपक प्रकाश, आदित्य साहू सहित विधायक सीपी सिंह को निमंत्रण भेजा गया है.
जिन योजनाओं की मुख्यमंत्री करेंगे शुरूआत
कृषि विभाग –
- सूखाग्रस्त इलाकों के किसानों को राहत देने के लिए किसान राहत एप और पोर्टल लॉन्च होगा. 15 नवंबर से 29 दिसंबर तक प्रखंडों में शिविर लगेगा. शिविर में सूखाग्रस्त किसानों से एप और पोर्टल पर सभी जानकारी ली जाएगी. 29 दिसंबर को सभी किसानों को सरकार एक मुश्त आर्थिक मदद देगी.
स्वास्थ्य विभाग-
- रांची सदर अस्पताल के नए भवन का उद्घाटन
उच्च एवं तकनीकि शिक्षा विभाग
- गुरूजी क्रेडिट कार्ड योजना.
- मुख्यमंत्री शिक्षा प्रोत्साहन योजना.
श्रम विभाग
- मुख्यमंत्री सारथी योजना
नगर विकास विभाग
- लालपुर वेजिटेबल मार्केट का उद्घाटन.
- आईएसबीटी देवघर का उद्घाटन.
- प्रोजेक्ट भवन के पास नेहरु पार्क का उद्घाटन.
- कई नगर निकायों में वाटर सप्लाई योजना का शिलान्यास होगा.
उद्योग विभाग की निम्न नीतियों की होगी शुरूआत
- इंडस्ट्रियल पार्क एंड लॉजिस्टिक पॉलिसी 2022 –
- इलेक्ट्रिकल व्हीकल पॉलिसी 2022 –
- झारखंड इंथेनॉल प्रोडक्शन पॉलिसी-2022
मुख्यमंत्री ने लिया जायजा, दिए अहम निर्देश
मुख्यमंत्री ने राज्य स्थापना दिवस पर होने वाले मुख्य समारोह की तैयारियों का जायजा लिया. मुख्यमंत्री ने तैयारियों के संबंध में बिंदुवार जानकारी पदाधिकारियों से ली. आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिये. सीएम ने पदाधिकारियों से कहा कि मुख्य समारोह कार्यक्रम में सम्मिलित होने वाले अतिथि एवं आमजनों के लिए बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करें. कुर्सियों के बायीं और दायीं दोनों ओर एलईडी स्क्रीन्स लगाएं. मुख्य मंच के बैकग्राउंड में धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा का आदमकद तस्वीर लगाएं. अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि मुख्य समारोह का लाइव प्रसारण सभी जिलों में लगी एलईडी स्क्रीन पर किया जाएगा. मुख्य समारोह से सभी जिले जुड़े रहेंगे.
जिलों में भी होंगे कार्यक्रम, मंत्रियों को मिला प्रभार
राज्य स्थापना दिवस पर रांची और खूंटी के साथ जिला मुख्यालयों में भी कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा. इसके लिए मंत्रियों को जिलों का प्रभारी बनाया गया हैं.
इन जिलों में नियुक्त किये गये मंत्री
- लोहरदगा – रामेश्वर उरांव.
- सरायकेला-खरसावां – चंपई सोरेन.
- बोकारो – जगरनाथ महतो.
- पश्चिम सिंहभूम (चाईबासा) – जोबा मांझी.
- पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) – बन्ना गुप्ता
- रामगढ़ – बादल.
- गढ़वा – मिथिलेश कुमार ठाकुर.
- देवघर – हफीजुल हसन
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
स्थापना दिवस को लेकर रांची में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गए हैं. सुरक्षा को लेकर छह डीएसपी, 40 इंस्पेक्टर और 80 दरोगा के अलावा 600 अतिरिक्त जवानों को तैनात किया गया है. सुरक्षा में किसी भी तरह का व्यवधान उत्पन्न ना हो, इसके लिए पूरे शहर की निगरानी सीसीटीवी से की जा रही है. पुलिस कंट्रोल रूम में एक टीम की तैनाती की गई है. सादे लिबास में भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है.