Gumla: झारखंड की राजधानी रांची में एशिया के 6 देशों के बीच आयोजित झारखंड वूमेंस एशियन हॉकी चैंपियनशिप की ट्रॉफी रविवार को गुमला पहुंची, जहां जिले के वरीय अधिकारी, खेल संघों के अधिकारी एवं खिलाड़ियों ने इसका जोरदार स्वागत किया. कार्यक्रम का आयोजन अल्बर्ट एक्का स्टेडियम में किया गया. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में जिले के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी, पुलिस अधीक्षक हरिंदर सिंह एवं एसडीओ सदर रवि जैन मौजूद रहे. उपायुक्त ने ट्रॉफी का अनावरण करते हुए कहा कि हॉकी हमारे देश की शान है. झारखंड में हॉकी का एक महत्वपूर्ण स्थान है. इस तरह के आयोजन से ना केवल हमारे राज्य में खेल का वातावरण तैयार होगा बल्कि जिले के हॉकी खिलाड़ियों को भी प्रेरणा मिलेगी. उन्होंने उम्मीद जताई कि एशियन गेम्स की तरह ही इस चैंपियनशिप में भी हमारी महिलाएं देश का नाम रोशन करेगी. जानकारी हो कि झारखंड की राजधानी रांची में 27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक एशिया के 6 देशों के मध्य महिला हॉकी का चैंपियनशिप का आयोजन किया जा रहा है. इस प्रतियोगिता में भारत के साथ-साथ जापान, चीन, मलेशिया, थाईलैंड एवं दक्षिण कोरिया की टीमें भाग ले रही हैं. झारखंड में इस प्रतियोगिता के प्रमोशन के लिए राज्य के 24 जिलों में विजेता एवं उपविजेता ट्रॉफी, का प्रदर्शन किया जा रहा है.
इसे भी पढ़ें- रांचीः 14 वर्षीय लड़के का एड्रिनल ग्लैंड फटा, पारस अस्पताल के डॉक्टरों ने बचायी जान