Seraikela (Bhagya Sagar Singh) : राष्ट्रीय श्रमिक शिक्षा एवं विकास बोर्ड, श्रम एवं रोजगार मंत्रालय, भारत सरकार, क्षेत्रीय निदेशालय-जमशेदपुर के तत्वावधान में खरसावां प्रखंड अन्तगर्त छोटा आमदा उत्क्रमित मध्य विद्यालय परिसर में एक दिवसीय एसटीटीपी श्रमिक प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया. मौके पर वरीय शिक्षा पदाधिकारी आरके गोप ने महिला सशक्तीकरण की वर्तमान प्रासंगिकता पर कहा कि महिला श्रम शक्ति में शिक्षा और जागरुकता की कमी के कारण उनका विकास अवरुद्ध हो रहा है. केन्द्र तथा राज्य सरकार द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने से वे वंचित हैं. महिलाओं को सामाजिक, आर्थिक, शैक्षणिक एवं राजनीतिक रूप से सुदृढ़ कर ही सशक्त तथा नए भारत के निर्माण की परिकल्पना को साकार किया जा सकता है.
इसे भी पढ़ें : जमशेदपुर : एसएसपी से की राजेश सिंह व रोहन की गिरफ्तारी की मांग
जीवन कौशल प्रशिक्षक रतिरंजन नंदा ने कहा कि सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तीकरण के बदौलत ही महिलाएं सुदृढ़ समाज के निर्माण में सार्थक भूमिका निभा पाएंगी. उन्होंने सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तीकरण हेतु बोर्ड द्वारा किये जा रहे प्रयासों की सराहना की एवं प्रतिभागियों को स्वजागरण हेतु कई महत्वपूर्ण टिप्स बताये. कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम समन्वयक हेमसागर प्रधान ने किया. उन्होंने ई-श्रम कार्ड निबन्धन प्रक्रिया, प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना तथा बीओसी कार्ड के लाभ के बारे में जानकारी दी. कार्यक्रम में लगभग सौ महिलाएं उपस्थित थीं. आजीविका महिला ग्राम संगठन अध्यक्ष सोनी मुखी, नयनी प्रधान, संतोषिनी प्रधान, वार्ड सदस्य अनुछाया बेहरा, कार्यक्रम समन्वयक अखिलेश कुमार सिन्हा कार्यक्रम की सफलता में सक्रिय थे.