Ranchi : अखिल भारतीय कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए झारखंड से भी एक नेता दम भरेंगे. यह नेता हैं पलामू के रहनेवाले पूर्व मंत्री केएन त्रिपाठी. केएन त्रिपाठी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के लिए पर्चा भी खरीद लिया है. शुक्रवार दोपहर एक बजे वे नामांकन करेंगे. शुभम संदेश दैनिक अखबार से बातचीत में उन्होंने इसकी पुष्टि भी की है. उन्होंने कहा है कि नामांकन करने के बाद वे देश भर के राज्यों का दौरा करेंगे. इस दौरान वे सभी कांग्रेसी नेताओं से उनके पक्ष में वोट डालने की अपील भी करेंगे. केएन त्रिपाठी फिलहाल दिल्ली में हैं.
इसे भी पढ़ें : नगड़ी में कुष्ठ रोगियों के लिए 256 आवास का होगा निर्माण, जानिये झारखंड कैबिनेट के अन्य फैसले
केएन त्रिपाठी वर्ष 2009 में डालटनगंज विधानसभा क्षेत्र से विधायक और राज्य सरकार में ग्रामीण विकास मंत्री भी रहे हैं. 2014 के विधानसभा चुनाव में केएन त्रिपाठी जेवीएम प्रत्याशी आलोक चौरसिया से चुनाव हार गए थे. इसके बाद 2019 में भी बीजेपी के आलोक चौरसिया से केएन त्रिपाठी को हार मिली. केएन त्रिपाठी झारखंड में स्थानीयता और भाषा को लेकर हुए आंदोलन में भी सक्रिय रहे हैं. इसके अलावा वे इंटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी हैं. त्रिपाठी झारखंड के पहले ऐसे कांग्रेसी हैं, जिन्होंने कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए दावा पेश किया है.
इसे भी पढ़ें : रांची: शुक्रवार शाम 7 बजे खुलेगा बकरी बाजार दुर्गा पंडाल का पट, बारिश से गुंबद का काम हुआ प्रभावित