Ranchi : पूर्व केंद्रीय मंत्री और लोकसभा सदस्य रामकृपाल यादव और राजद के राष्ट्रीय महासचिव श्याम रजक एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आज रांची पहुंचे. भगवान बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर श्याम रजक का राजद के नेताओं ने स्वागत किया. भाजपा नेता रामकृपाल यादव के स्वागत के लिए भी उनके समर्थक एयरपोर्ट पर पहुंचे.
हेमंत सरकार राज्य को बर्बाद कर रही है : रामकृपाल
रांची पहुंचने पर रामकृपाल यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में हमारा पहले भी जदयू से गठबंधन नहीं रहा है. कई राज्यों में हम अलग चुनाव लड़े हैं. बिहार में हमारा गठबंधन जदयू से है और आगे भी रहेगा. इस क्रम में रामकृपाल ने झारखंड सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यहां की सरकार ने झारखंड को बर्बाद करके रख दिया है. जिस उद्देश्य के साथ झारखंड का निर्माण हुआ है, वह सपना पूरा नहीं हुआ है. उन्होंने कहा कि यह राज्य बहुत पीछे चला गया है, जबकि भाजपा के शासनकाल में झारखंड विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा था.
झारखंड में संगठन का विस्तार जल्द : रजक
राष्ट्रीय जनता दल के महासचिव श्याम रजक ने कहा कि मैं निजी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रांची आया हूं. उन्होंने कहा कि झारखंड में राजद के संगठन का जल्द ही पुनर्गठन किया जायेगा.