Ranchi: रांची नगर निगम डोर टू डोर कचरे का उठाव करने के एवज में पिछले कई दिनों से यूजर चार्ज नहीं वसूल रही थी। सीडीसी कंपनी को हटाने के बाद रांची नगर निगम ने घरों से कचरा उठाने का जिम्मा तो ले लिया, लेकिन अब निगम की तैयारी यूजर चार्ज निजी एजेंसी से वसूल करवाने की है। इसको लेकर निगम की तैयारी जोड़ों पर चल रही है। निगम ने इसके लिए रिक्वेस्ट फॉर प्रपोजल तैयार किया है। अब टिपिंग फी तय करके निगम इससे संबंधित विज्ञापन निकालेगा, इसके बाद एजेंसी का चयन होगा।
सीडीसी लगातार तीसरी कंपनी जिसे निगम ने टर्मिनेट किया
बताते चलें कि अब तक डोर टू डोर कचरा उठाव का काम कर रही सीडीसी कंपनी ही यूजर चार्ज वसूल रही थी, लेकिन एजेंसी को हटाने के बाद निगम ने अपील करके 28 मार्च से कलेक्शन बंद कर दिया था। सीडीसी कंपनी को हटाने के बाद निगम अब तक खराब पड़े वाहनों की मरम्मत भी नहीं करा पाया है। सीडीसी लगातार तीसरी कंपनी है, जिसे निगम ने कूड़ा उठाने में अनियमितता बरतने पर टर्मिनेट किया है।
इसे भी पढें : शेल कंपनी और खनन लीज मामला : हाईकोर्ट में मेंटेबलिटी पर सुनवाई पूरी,शुक्रवार को फिर होगी बहस
उप नगर आयुक्त ने क्या कहा
उप नगर आयुक्त रजनीश कुमार ने बताया कि निगम के द्वारा शहर में डोर टू डोर कचरे का उठाव का यूजर चार्ज वसूलने के लिए कंपनी का चयन करने के लिए टेंडर निकाला जाएगा। टेंडर प्रोसेस में है। जिस भी कंपनी का चयन होगा, वह शहरवासियों से सिर्फ यूजर चार्ज वसूलेगी। वहीं निगम कूड़े का उठाव करेगा।