Ranchi : शुक्रवार को रांची नगर निगम का 44 वां स्थापना दिवस धूमधाम से निगम सभागार में मनाया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ महापौर डॉ आशा लकड़ा, उप महापौर संजीव विजयवर्गीय और वार्ड पार्षदगण द्वारा भगवान बिरसा मुंडा की तस्वीर पर माल्यार्पण कर किया गया. इसके बाद निगम कर्मचारियों द्वारा शॉल, मोमेंटो एवं पुष्पगुच्छ माहापौर, उप महापौर, अपर नगर आयुक्त, उप नगर आयुक्त, सहायक नगर आयुक्त एवं अन्य पदाधिकारियों को देकर स्वागत किया गया.
कई उतार चढ़ाव के बाद हमने विकास देखा- आशा लकड़ा
इस मौके पर महापौर डॉ आशा लकड़ा ने सभी कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि नगर निगम की स्थापना दिवस पर निगम के सभी कर्मचारी एवं पदाधिकारी बधाई के पात्र है. उन्होने कहा रांची नगर निगम के कई उतार चढ़ाव के बाद हमने विकास देखा. आज के समय में रांची नगर निगम की उपलब्धि है कि यह संस्था लगभग 100 करोड़ का राजस्व संग्रहण करता है. यह एक गर्व का विषय है कि विभिन्न शहरों द्वारा रांची रेवेन्यू मॉडल को अपनाया गया है तथा सराहा गया है. यह परिवर्तन एक-एक कर्मचारी के बदौलत हुआ है. इसके अलावा रांची नगर निगम अलग-अलग क्षेत्रो में लोगो के जीवन को आसान बनाने के लिए काम कर रहा है.
रांची अब एक रमणीक स्थल बन रही- उपमहापौर
उप महापौर संजीव विजयवर्गीय ने कहा कि इस संस्थान का जनप्रतिनिधि होने पर मुझे गर्व है. यह एक ऐसा संस्थान है, जहां जनता सीधी तौर से जुड़ी हुई है. रांची नगर निगम शहर को अच्छा और साफ सुथरा बनाने के लिए कटिबद्ध तरीके से प्रयास करता आया है. यह बड़ी सौभाग्य की बात है कि आज 53 वार्डों के इस शहर में जनता खुश है. हर क्षेत्र में साफ-सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया है. रांची शहर की अब एक अलग तस्वीर उभर कर आ रही है. रांची अब एक रमणीक स्थल बन रही है.
कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में निगम कर्मचारी संघ के द्वारा संगीत एवं प्रीतिभोज का आयोजन किया गया. मौके पर सभी वार्ड पार्षदगण, अपर नगर आयुक्त कुंवर सिंह पाहन, उप नगर आयुक्त रजनीश कुमार, सहायक नगर आयुक्त ज्योति कुमार सिंह, सहायक नगर आयुक्त शीतल कुमारी, सहायक लोक स्वास्थ पदाधिकारी किरण कुमारी, सहायक लोक स्वास्थ पदाधिकारी आनंद शेखर झा एवं नगर निगम के सभी कर्मचारी उपस्थित रहे.
इसे भी पढ़ें – 1932 के खतियान को लेकर भाजपा कोर कमेटी की बैठक, पार्टी के स्टैंड को लेकर हुई चर्चा