Hazaribag : हजारीबाग नगर निगम के सफाईकर्मी पिछले 48 घंटे से हड़ताल पर हैं. इससे शहर के विभिन्न मुहल्लों, गलियों और सड़कों के किनारे गंदगी का अंबार लग गया है. इधर शहर की सफाई के लिए सीआरपीएफ 154 बटालियन के जवान सहयोग के लिए उतर आए हैं. सीआरपीएफ के जवानों ने मंगलवार को खजांची तालाब के पास गंदगी की साफ-सफाई की. इधर राज्य महासंघ झारखंड व्यापी तीन दिवसीय सांकेतिक टोकन हड़ताल का समर्थन दूसरे दिन भी जारी रहा. सभा को संबोधित यूनियन अध्यक्ष विवेक कुमार वाल्मिकी ने कहा कि राज्य महासंघ पांच सूत्री मांगों को लेकर पूरे झारखंड में हड़ताल पर है. अगर तीन दिवसीय सांकेतिक टोकन हड़ताल पर सरकार से किसी भी प्रकार की कोई वार्ता नहीं हुई, तो राज्य महासंघ के गाइडलाइन पर आंदोलन जारी रहेगा और पूरे राज्य में एक साथ अनिश्चितकालीन हड़ताल की जाएगी.
अभीतक नहीं हुई है वार्ता
विवेक वाल्मिकी ने कहा कहा कि स्थानीय तौर पर अब तक हजारीबाग के जिला प्रशासन एवं हजारीबाग के महापौर और पार्षदों ने कर्मचारियों की मांगों का समर्थन नहीं किया है और न ही किसी प्रकार की कोई वार्ता हुई है. ऐसा प्रतीत होता है कि हजारीबाग के किसी भी राजनीतिक दल और सामाजिक संगठन को मजदूरों की जायज मांगों और हजारीबाग की जनता से कोई लेना देना नहीं है. राज्य महासंघ हजारीबाग झारखंड लोकल बॉडीज इंप्लाइज फेडरेशन का नेतृत्व कर रहे चुन्नू राम ने भी सभा को संबोधित किया.
ये रहे मौजूद
आंदोलन में प्रमुख रूप से यूनियन नेता गौतम राम, मुरली राम, जीवन तिवारी, दीपक कुमार, ज्योति कुमार, इजराइल अंसारी, जितेंद्र वाल्मिकी, मनोहर राम, मनोज यादव, संदीप यादव, मुकेश सिंह, विजय सिंह, वीरू यादव, मुकेश प्रजापति, सूरज राम, चंदन ठाकुर, कैलाश राम, सुरेश, हरकू, धनेश्वर राम, बिहारी राम, संजय शर्मा, चांदो राम, महेंद्र राणा, गंधौरी राम, गौरी पांडे, जामू दा, नगर निगम प्रधान सहायक निरंजन सिंह, हेड जमादार दीपक गोस्वामी आदि ने संबोधित किया.